अमेठी की मतदाता सूची से गायब हुआ स्मृति ईरानी का नाम, डीएम ने दिए जांच के आदेश

Amethi News: उत्तर प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की हालिया जारी अंतिम मतदाता सूची से पूर्व केंद्रीय मंत्री और अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी का नाम नदारद होना जिले की सियासत में चर्चा का मुख्य विषय बन गया है। जहां एक ओर यह मामला राजनीतिक गलियारों में बहस का कारण बना है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय प्रशासन ने इस तकनीकी त्रुटि या प्रक्रियात्मक चूक की जांच शुरू कर दी है।

स्मृति ईरानी ने वर्ष 2021 में गौरीगंज तहसील के मेदन मवई गांव में जमीन खरीदी थी। फरवरी 2024 में अपने आवास में गृह प्रवेश के बाद उन्होंने लीला टिकरा बूथ की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया था और लोकसभा चुनाव 2024 में इसी बूथ पर मतदान भी किया था। उनका नाम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में आज भी दर्ज है, लेकिन पंचायत चुनाव की सूची में नाम न होने से सवाल उठ रहे हैं।

इस मामले पर अमेठी के जिलाधिकारी संजय चौहान ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव और पंचायत चुनाव की मतदाता सूची की प्रक्रियाएं अलग-अलग होती हैं। पंचायत चुनाव की सूची में नाम जुड़वाने के लिए मतदाताओं को एक अलग आवेदन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। डीएम ने कहा, प्रशासन मामले की जांच कर रहा है कि क्या पूर्व सांसद की ओर से पंचायत सूची के लिए आवेदन किया गया था या नहीं। रिकॉर्ड की गहन जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि प्रक्रिया का पालन हुआ है और कोई त्रुटि पाई जाती है, तो नियमानुसार सुधार किया जाएगा।

Also Read: Lucknow News: STF की बड़ी कार्रवाई, 60 लाख की ब्राउन शुगर के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.