Bareilly News: मोहर्रम की तैयारियों को लेकर सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक, ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से ज्यादा न रखने की हिदायत
Bareilly News: आगामी मोहर्रम के पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए बरेली जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस के आला अधिकारियों ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों से आए संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ त्योहार की तैयारियों और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
धार्मिक जुलूसों में नहीं शुरू होगी कोई नई परंपरा
बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम के दौरान किसी भी क्षेत्र में कोई नई परंपरा न डाली जाए। सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जमीन से लेकर ताजिये की कुल ऊंचाई 12 फीट से अधिक बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। इस नियम की जानकारी हर एक ताजियादार और कमेटी तक अनिवार्य रूप से समय रहते पहुंचा दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने ताकीद की कि जुलूसों में शामिल नई उम्र के लड़कों पर विशेष नजर रखी जाए, ताकि कोई भी माहौल खराब करने की कोशिश न कर सके।
लटकते बिजली के तारों को दुरुस्त करने के निर्देश
बैठक में आए गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को रोटेशन के आधार पर कुछ समस्याएं बताईं, जिनमें ढीले और लटकते हुए बिजली के तार, सड़कों पर गड्ढे, जलभराव और जुलूस के रास्तों में बने अस्थायी डिवाइडर शामिल थे। इन पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को पर्व से पहले सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ताजियों के साथ ऊंचे अलम (झंडे) भी होते हैं, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी तार नीचे न लटके, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। यदि रास्तों में पेड़ों की टहनियां आड़े आ रही हैं, तो उन्हें भी समय रहते छांट दिया जाए।
ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक ने बिजली विभाग को ट्रांसफार्मर और खंभों की स्थिति की जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा। वहीं, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोहर्रम के जुलूस शुरू होने से ठीक दो घंटे पहले पुलिस की एक विशेष टीम पूरे रूट का बारीकी से निरीक्षण करेगी। इसके अलावा, संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे जुलूस मार्ग की ड्रोन कैमरों के माध्यम से हवाई निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे थाना स्तर पर शांति समिति और ताजियादारों के साथ बैठकें कर लें। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित करें। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के रूटों पर साफ-सफाई और चूने के छिड़काव की मुकम्मल व्यवस्था की जाए।
इस उच्चस्तरीय बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी, एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी ग्रामीण अंशिका वर्मा, एसपी उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम बहेड़ी ईशिता किशोर समेत जिले के सभी उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: अमेरिका की T20 लीग में हारिस रऊफ के साथ खेलेंगे अश्विन, इस टीम ने किया साइन

