IPL की तारीखों में बड़ा बदलाव करने की तैयारी, जानें BCCI ने क्यों बनाया नया प्लान
IPL Schedule Change: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अगले साल से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के शेड्यूल में बड़ा बदलाव करने पर विचार कर रहा है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि देश के कई हिस्सों में मई के दौरान पड़ने वाली भीषण गर्मी को देखते हुए टूर्नामेंट को 10 मार्च से 15 मई के बीच आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है। फिलहाल आईपीएल आमतौर पर मार्च के आखिरी सप्ताह में शुरू होकर मई के अंत तक चलता है।
गर्मी और मौसम बने चिंता की वजह
देवजीत सैकिया के अनुसार, आईपीएल को पहले शुरू करने से खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि मई के दूसरे पखवाड़े में तापमान काफी बढ़ जाता है, जिससे खिलाड़ियों को परेशानी होती है। इसके अलावा 15 मई के बाद बारिश और मानसून से पहले के मौसम के कारण भी मैच प्रभावित होने का खतरा रहता है।
सैकिया ने बताया कि उन्हें खिलाड़ियों और प्रशंसकों से गर्मी को लेकर कई शिकायतें मिली हैं। इसी वजह से बीसीसीआई और आईपीएल संचालन परिषद इस पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने खेल विकास विभाग के महाप्रबंधक और पूर्व तेज गेंदबाज एबी कुरुविला को ऐसा कार्यक्रम तैयार करने का निर्देश भी दिया है, जिससे टूर्नामेंट 10 मार्च तक शुरू होकर 15 मई तक समाप्त हो सके।
नहीं बढ़ेगी मैचों की संख्या
हालांकि, बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि आईपीएल में मैचों की संख्या 74 ही रहेगी। सैकिया ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम और विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को देखते हुए फिलहाल मैचों की संख्या बढ़ाकर 94 करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसे देशों के खिलाड़ियों के हितों को भी ध्यान में रखना जरूरी है।

