बरेली पुलिस लाइन में एडीजी और डीआईजी की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने किया योगाभ्यास
Bareilly Mews: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के विशेष मौके पर आज रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में एक भव्य और गरिमापूर्ण योग शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ आयु के लिए योग) के तहत बरेली पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने योग के प्रति अपनी आस्था जताते हुए बढ़-चढ़कर इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

आला अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ भव्य शुभारंभ
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा और विशिष्ट अतिथि के तौर पर बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी मौजूद रहे। इस पूरे आयोजन की कमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के हाथों में रही। कार्यक्रम की शुरुआत योग के महत्व और मानव शरीर पर इसके सकारात्मक प्रभावों की चर्चा के साथ हुई।

योग सेवा ट्रस्ट की टीम ने सिखाए तनाव मुक्ति के गुर
इस दौरान योग सेवा ट्रस्ट के मुख्य योगाचार्य महेंद्रपाल कश्यप और उनकी सहयोगी टीम ने वहां मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को प्राणायाम, ध्यान और विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने तनाव मुक्त रहने, शारीरिक ऊर्जा बढ़ाने और मानसिक एकाग्रता के लिए दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया। सत्र की समाप्ति पर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और एसएसपी ने योग गुरु महेंद्रपाल कश्यप सहित पूरी टीम को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल कसरत नहीं बल्कि जीवन को अनुशासित रखने का एक माध्यम है। अंत में एसएसपी अनुराग आर्य ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार जताया। इस मौके पर एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी ग्रामीण अंशिका वर्मा, एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान सहित तमाम क्षेत्राधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: राजनीतिक घराने की बहू बनने की चर्चा तेज, जाह्नवी कपूर–शिखर पहाड़िया के रिश्ते पर फिर सुर्खियां

