NEET परीक्षा में बुर्का विवाद, अजमेर में छात्रा को पहले रोका फिर मिली एंट्री
NEET Exam 2026: राजस्थान के अजमेर से NEET परीक्षा के दौरान एक बड़ा विवाद सामने आया है। यहां सावित्री स्कूल परीक्षा केंद्र पर ब्यावर की रहने वाली छात्रा कुलसुम को बुर्का पहनकर आने के कारण प्रवेश नहीं दिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा जांच के नियमों का हवाला देते हुए उसे परीक्षा केंद्र में अंदर जाने से रोक दिया। इस पर मौके पर ही विवाद की स्थिति बन गई और छात्रा के परिजनों ने आपत्ति जताई।
छात्रा कुलसुम ने कहा कि बुर्का उसकी धार्मिक पहचान का अहम हिस्सा है और वह इसे उतार नहीं सकती। उसने यह भी कहा कि वह परीक्षा देने के लिए सभी नियमों का पालन करने को तैयार थी, लेकिन अपनी धार्मिक पहचान से समझौता नहीं कर सकती।
परिजनों ने जताई नाराजगी
कुलसुम के पिता ने बताया कि उनकी दो बेटियां NEET परीक्षा दे रही थीं। उन्होंने कहा कि दूसरी बेटी को दूसरे परीक्षा केंद्र पर किसी तरह की परेशानी नहीं हुई, जबकि यहां उनकी बेटी को रोका गया। इससे परिवार काफी परेशान हो गया और केंद्र के बाहर लंबे समय तक बातचीत और समझाने का दौर चलता रहा।
अधिकारियों से बातचीत के बाद मिला समाधान
परीक्षा केंद्र पर स्थिति बिगड़ने के बाद अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों से संपर्क किया। निर्देश मिलने के बाद नियमों के अनुसार छात्रा की पूरी जांच और पहचान सत्यापित की गई। इसके बाद कुलसुम को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दे दी गई और वह परीक्षा में शामिल हो सकीं।

