नीतीश कुमार चौथी बार बने JDU अध्यक्ष, संगठन में मिली बड़ी जिम्मेदारी

Nitish Kumar JDU president: पटना स्थित जदयू के प्रदेश मुख्यालय के कर्पूरी सभागार में जनता दल यूनाइटेड (JDU) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को चौथी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर मुहर लगा दी। इसके साथ ही उन्हें संगठन में अतिरिक्त शक्तियां भी प्रदान की गईं।

पार्टी ने यह भी निर्णय लिया कि आवश्यकता पड़ने पर नीतीश कुमार पार्टी के संविधान में उचित संशोधन करने के लिए अधिकृत रहेंगे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया और उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। इस मौके पर उनके पुत्र निशांत कुमार ने भी उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

एनडीए सरकार के कामकाज की सराहना

बैठक में नीतीश कुमार ने बिहार में एनडीए सरकार के कामकाज की सराहना की और विशेष रूप से सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रही सरकार की योजनाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से शुरू की गई सात निश्चय पार्ट-3 योजनाओं को राज्य में तेजी से लागू किया जा रहा है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है।

जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि मुख्यमंत्री इस प्रगति से काफी प्रसन्न हैं और उन्होंने एनडीए सरकार को इसके लिए बधाई दी है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार से बिहार के विकास कार्यों के लिए लगातार सहायता मिल रही है।

बैठक में चार प्रस्ताव सर्वसम्मति से हुए पारित

बैठक में कुल चार प्रस्तावों पर विचार किया गया, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। जदयू नेताओं ने बताया कि बिहार में लंबे समय तक स्थिर सरकार रहने और सत्ता हस्तांतरण के शांतिपूर्ण तरीके को राजनीतिक इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि माना गया।

बैठक में पार्टी की सदस्यता पर भी चर्चा हुई, जिसमें बताया गया कि जदयू के एक करोड़ से अधिक सदस्य हैं। साथ ही ईरान और अमेरिका के बीच तनाव में कमी आने पर भी संतोष व्यक्त किया गया।

नीतीश कुमार पहले भी तीन बार राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। पहली बार 2016 में, दूसरी बार 2019 में और तीसरी बार दिसंबर 2023 में उन्हें यह जिम्मेदारी मिली थी। अब 24 मार्च 2026 को उन्हें चौथी बार निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया, जिसे आज राष्ट्रीय परिषद की बैठक में औपचारिक मंजूरी दे दी गई।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.