लखनऊ अग्निकांड पर सीएम योगी ने रद्द किया दौरा, तुरंत लौटे लखनऊ

Lucknow Fire Accident CM Yogi: लखनऊ के अलीगंज इलाके में तीन मंजिला इमारत में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे उत्तर प्रदेश को झकझोर दिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना हाथरस और आगरा दौरा रद्द कर दिया और अलीगढ़ का कार्यक्रम बीच में छोड़कर तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

जनसभा के दौरान मिली सूचना 

सीएम योगी को यह दुखद सूचना उस समय मिली जब वे अलीगढ़ में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे अपना दौरा जारी रखना चाहते थे, लेकिन लखनऊ में बच्चों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही उन्हें तुरंत वापस लौटना पड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और प्रशासन राहत कार्य में पूरी तरह जुटा हुआ है।

सीएम ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी मिलते ही डीजीपी और अपर मुख्य सचिव (गृह) को मौके पर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

इस अग्निकांड में अब तक मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन विभिन्न स्रोतों के अनुसार मृतकों की संख्या एक दर्जन से अधिक हो सकती है। बताया जा रहा है कि अधिकांश पीड़ित 16 से 24 वर्ष की उम्र के छात्र थे। इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पेंट शॉप और गेमिंग जोन से फैली आग 

जानकारी के अनुसार इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर पेंट शॉप संचालित थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर गेमिंग जोन और डिजिटल वर्क से जुड़ा काम होता था। आग लगते ही पूरी इमारत में धुआं फैल गया और ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोग फंस गए।

स्थानीय लोगों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई लोग बाहर नहीं निकल सके। मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल रहा।

पीएम मोदी ने जताया दुख, जांच के आदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों और घायलों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और घटना की हर स्तर पर पड़ताल की जाएगी।

Also Read : लखनऊ के 3 मंजिला बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 15 की मौत, कई लोग झुलसे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.