लखनऊ अग्निकांड स्थल पर पहुंचे सीएम योगी, अफसरों से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

Lucknow Fire Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक तीन मंजिला वाणिज्यिक इमारत में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा कर दिया। इस दर्दनाक घटना में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। आग दोपहर करीब तीन बजे उषा मेहता मार्ग स्थित इमारत में लगी, जो अलीगंज के पॉश इलाके के पास है। यहां कोचिंग सेंटर, कैफे और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां चलती थीं।

आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल वाहन और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद ली गई। बचाव अभियान के दौरान फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। कुछ को बॉडी बैग में और कुछ को कंबल में लपेटकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया। कई शव और घायल पास की इमारत की छत के रास्ते बाहर निकाले गए।

सीएम योगी का दौरा, सख्त जांच के आदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर लखनऊ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस महानिदेशक और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर विस्तृत जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

पीएम मोदी से लेकर विपक्ष तक ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की, वहीं बसपा प्रमुख मायावती ने इसे दिल दहला देने वाली घटना बताया और कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

घटना के बाद इमारत के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कई लोग अंदर फंसे अपने रिश्तेदारों को बचाने की गुहार लगाते दिखे। पूरा इलाका शोक और अफरा-तफरी में डूब गया।

Also Read : लखनऊ अग्निकांड पर अखिलेश-मायावती ने जताया दुख, ईमानदारी से जांच की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.