लखनऊ अग्निकांड पर अखिलेश-मायावती ने जताया दुख, ईमानदारी से जांच की मांग
Lucknow Fire Accident: लखनऊ के अलीगंज स्थित तीन मंजिला इमारत में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत और 4 लोगों के घायल होने की घटना पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को घायलों के लिए सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने हादसे की ईमानदार जांच की मांग करते हुए कहा कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम जरूरी हैं।
जानलेवा घटनाओं पर मायावती की सख्त टिप्पणी
वहीं बसपा प्रमुख मायावती ने भी इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसी जानलेवा घटनाएं कई परिवारों की उम्मीदें तोड़ देती हैं। मायावती ने सभी पक्षों से मिलकर सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की अपील की और कहा कि केवल आरोप-प्रत्यारोप से समाधान नहीं निकलेगा।
हादसे का पूरा घटनाक्रम और हालात
यह हादसा सोमवार को अलीगंज क्षेत्र में हुआ, जहां तीन मंजिला इमारत में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं। अधिकतर मृतक छात्र बताए जा रहे हैं। दूसरी मंजिल पर स्थित ‘लर्निंग स्पेस’ लाइब्रेरी और ‘हेड हॉपर स्टूडियो’ में छात्र मौजूद थे। आग फैलते ही कई लोग अंदर फंस गए और कुछ ने बाथरूम में खुद को बंद कर लिया। एक छात्र कूदकर घायल भी हुआ।
इमारत में कई संस्थान, शॉर्ट सर्किट की आशंका
इमारत के अलग-अलग हिस्सों में पेट शॉप, क्लीनिक, 3डी स्टूडियो और कोचिंग सेंटर चल रहे थे। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है, हालांकि जांच जारी है। मौके पर फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीमें पहुंचीं। दीवार तोड़कर रेस्क्यू किया गया और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

