MPL 2026: हैट्रिक के साथ 6 विकेट, IPL ऑक्शन में अनसोल्ड रहे कुमार कार्तिकेय ने मचाया धमाल
Sports News: मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) 2026 में एक ऐसा प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया।
IPL 2026 के मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहने वाले 28 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर कुमार कार्तिकेय ने रॉयल निमार ईगल्स की ओर से खेलते हुए शानदार गेंदबाजी कर इतिहास रच दिया।
उन्होंने हैट्रिक के साथ 6 विकेट झटकते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी से बस एक कदम दूर रह गए।
22 जून को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल निमार ईगल्स और भोपाल लेपर्ड्स आमने-सामने थीं। इस मैच में कार्तिकेय ने 3 ओवर में 24 रन देकर 6 विकेट हासिल किए।
इस दौरान उन्होंने पवन निरवानी, प्रांजुल पूरी और अनुराग मालवीय को लगातार तीन गेंदों पर आउट कर हैट्रिक भी ली।
IPL में नहीं मिला मौका, MPL में दिया जवाब
कुमार कार्तिकेय ने IPL 2026 ऑक्शन में 30 लाख रुपये की बेस प्राइस रखी थी, लेकिन किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन पर बोली नहीं लगाई।
इसके बाद उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने नेट बॉलर के रूप में जोड़ा। MPL 2026 में उनके इस प्रदर्शन को IPL फ्रेंचाइजियों को करारा जवाब माना जा रहा है।
T20 में 6 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय
एक T20 मुकाबले में 6 विकेट लेने वाले कार्तिकेय दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि दीपक चाहर ने 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ T20 इंटरनेशनल में हासिल की थी, जब उन्होंने 3.2 ओवर में 7 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे।
वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने से बचा
अगर कार्तिकेय एक और विकेट ले लेते, तो वह पुरुष T20 क्रिकेट के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर लेते। T20 की एक पारी में 7 विकेट लेने का रिकॉर्ड मलेशिया के स्याजदुल इदरूस के नाम है। घरेलू T20 में यह रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के कॉलिन एकरमैन के नाम दर्ज है।
कार्तिकेय की घातक गेंदबाजी का असर यह रहा कि भोपाल लेपर्ड्स की टीम सिर्फ 13 ओवर में 107 रन पर ऑल आउट हो गई।
जवाब में रॉयल निमार ईगल्स ने 108 रनों का लक्ष्य महज 9.2 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया और 8 विकेट से मुकाबला जीत लिया।
इस मुकाबले के असली हीरो कुमार कार्तिकेय रहे, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से साबित कर दिया कि प्रतिभा को ज्यादा देर तक नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

