राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला, एसआईटी ने UP सरकार को सौंपी प्रारंभिक रिपोर्ट, जांच जारी

Lucknow News: अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे में कथित हेरफेरी और चोरी के मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंप दी है। रिपोर्ट अपर मुख्य सचिव (गृह) एवं मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद को प्रस्तुत की गई है।

जांच प्रक्रिया अभी जारी, अंतिम रिपोर्ट बाद में

एसआईटी ने स्पष्ट किया है कि जांच की कार्यवाही अभी जारी है और कई बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। अंतिम रिपोर्ट तैयार होने के बाद उसे शासन को सौंपा जाएगा। लखनऊ मंडल के आयुक्त और एसआईटी के प्रमुख विजय विश्वास पंत ने बताया कि यह एक गोपनीय जांच है और फिलहाल केवल प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है।

छह दिनों तक चली गहन जांच

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की मांग के बाद गठित तीन सदस्यीय एसआईटी ने अयोध्या में छह दिनों तक रहकर मामले की गहन जांच की। जांच के दौरान एसआईटी ने मंदिर प्रशासन, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मियों, ट्रस्ट से संबद्ध लोगों तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों सहित पांच दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ की। टीम ने चढ़ावे की गणना, उसके रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और कथित अनियमितताओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की।

सूत्रों के अनुसार, जांच में करीब 150 लोगों से पूछताछ की गई है और 25 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना है। एसआईटी ने सोने, चांदी, हीरे सहित अन्य बहुमूल्य चढ़ावे के रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई है और कुछ सीसीटीवी फुटेज के हटाए जाने की भी आशंका जताई गई है। जांच के दौरान करीब 2 करोड़ रुपये की वसूली की गई है।

एसआईटी में लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत, लखनऊ जोन की पुलिस महानिरीक्षक किरन एस और विशेष सचिव (वित्त) नीलरतन को शामिल किया गया था। जांच दल को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को सामने लाने और आवश्यक कार्रवाई के संबंध में शासन को रिपोर्ट देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Also Read: राम मंदिर चंदा चोरी पर केजरीवाल का सवाल- चंपत राय को कौन बचा रहा है

Get real time updates directly on you device, subscribe now.