पश्चिम बंगाल में बर्दवान से तारकेश्वर जा रही यात्रियों से भरी बस खाई में पलटी, दो महिलाओं की मौत, कई घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के अरामबाग इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। लगभग 50 मुसाफिरों को लेकर पूर्व बर्दवान शहर से हुगली के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तारकेश्वर जा रही एक निजी यात्री बस अचानक अनियंत्रित हो गई। अरामबाग के आदमबांध क्षेत्र के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण तेज रफ्तार बस सड़क किनारे बनी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त हुई तेज आवाज को सुनकर आस-पास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़े और राहत कार्य शुरू किया।
तारकेश्वर मंदिर दर्शन करने जा रही थीं मृतकाएं
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, इस भयावह दुर्घटना में दो महिला श्रद्धालुओं की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त पूर्व बर्दवान के धादन इलाके की रहने वाली 65 वर्षीय लक्ष्मी मुर्मू और 35 वर्षीय शर्मिला सोरेन के रूप में हुई है। ये दोनों महिलाएं तारकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रही थीं। इस हादसे में करीब 30 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत अरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दाखिल कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना के बाद मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हादसे की सूचना देने के बावजूद सरकारी एम्बुलेंस बेहद देरी से पहुंची, जिससे घायलों को समय पर इलाज मिलने में बाधा आई। प्रशासन की इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों ने मौके पर जमकर नारेबाजी की और अपना आक्रोश व्यक्त किया। माहौल बिगड़ता देख भारी संख्या में पुलिस बल ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया।
स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों ने इस भीषण हादसे के लिए सीधे तौर पर लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि संबंधित मार्ग लंबे समय से पूरी तरह जर्जर और खस्ताहाल स्थिति में है। क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा कई बार सड़क की मरम्मत कराने की लिखित मांग की गई थी, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते आज यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Also Read: अमेरिकी नागरिकता लेना हुआ महंगा, ट्रंप प्रशासन ने बढ़ाई 75% तक फीस

