अमेरिकी नागरिकता लेना हुआ महंगा, ट्रंप प्रशासन ने बढ़ाई 75% तक फीस

US citizenship Fee Hike: अमेरिका में नागरिकता (Citizenship) हासिल करना अब पहले से कहीं ज्यादा महंगा हो सकता है। ट्रंप प्रशासन ने नागरिकता आवेदन शुल्क में लगभग 75 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्ताव के तहत कम आय वाले आवेदकों को मिलने वाली शुल्क माफी और छूट को भी खत्म करने की तैयारी की जा रही है। माना जा रहा है कि इसका सबसे ज्यादा असर भारतीय मूल के ग्रीन कार्ड धारकों पर पड़ सकता है।

N-400 और अन्य फॉर्म की फीस में बड़ा बदलाव

अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (USCIS) द्वारा जारी प्रस्ताव के अनुसार, फॉर्म N-400 (नागरिकता आवेदन) की फीस में भारी बढ़ोतरी की जाएगी। कागजी आवेदन के लिए यह फीस 760 डॉलर से बढ़कर 1330 डॉलर और ऑनलाइन आवेदन के लिए 710 डॉलर से बढ़कर 1280 डॉलर हो जाएगी। इसके अलावा फॉर्म N-336 की फीस भी 830 डॉलर से बढ़कर 1475 डॉलर करने का प्रस्ताव है, जो करीब 78 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है।

शुल्क माफी खत्म करने की तैयारी

प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि उन आवेदकों को मिलने वाली शुल्क माफी समाप्त कर दी जाएगी, जिनकी पारिवारिक आय संघीय गरीबी रेखा के 400 प्रतिशत या उससे कम है। इसके साथ ही वर्तमान में उपलब्ध कम शुल्क विकल्प भी खत्म हो सकते हैं। हालांकि अमेरिकी सेना के सदस्यों को यह सुविधा पहले की तरह मिलती रहेगी।

फिलहाल यह प्रस्ताव लागू नहीं हुआ है। इसे आधिकारिक रूप से प्रकाशित किया गया है और अब 60 दिनों तक जनता से सुझाव और आपत्तियां ली जाएंगी। सभी सुझावों पर विचार के बाद ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। तब तक मौजूदा फीस और छूट व्यवस्था जारी रहेगी।

भारतीयों पर संभावित असर

अमेरिका में भारतीय ग्रीन कार्ड धारकों की संख्या बड़ी है, खासकर H-1B वीजा पर गए पेशेवरों की। नए प्रस्ताव से मध्यम आय वर्ग और सामान्य परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है। जो लोग अब तक शुल्क माफी या कम फीस का लाभ ले रहे थे, उन्हें भविष्य में पूरा शुल्क देना पड़ सकता है, जिससे नागरिकता प्रक्रिया और महंगी हो जाएगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.