Sambhal News: गमछे की सुगंध बनी सबूत, गोल्ड मेडलिस्ट डॉग ‘मैरी’ ने आरोपी तक पहुंचाई पुलिस, मिला 10 हजार का नकद पुरस्कार

Sambhal News: संभल जिले के थाना बबराला क्षेत्र में 06 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म की जघन्य घटना का सम्भल पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है।

इस पूरे मामले के खुलासे में डॉग स्क्वाड की गोल्ड मेडलिस्ट डॉग “मैरी” की अहम भूमिका सामने आई है। पुलिस ने वांछित अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को घर के बाहर खेल रही 06 वर्षीय बालिका के साथ अज्ञात व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था।

परिजनों की सूचना पर 19 जून 2026 को थाना बबराला में मु0अ0सं0 154/2026, धारा 65(2)/62 बीएनएस एवं 5एम/6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं फोरेंसिक टीम को मौके से एक गमछा बरामद हुआ, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्य संकलित किए गए।

सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य माध्यमों से अभियुक्त की पहचान का प्रयास किया गया, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सम्भल श्री कृष्ण कुमार के निर्देश पर डॉग स्क्वाड टीम को जांच में शामिल किया गया।

प्रशिक्षित एवं गोल्ड मेडलिस्ट डॉग “मैरी” ने घटनास्थल से बरामद गमछे को सूंघकर सीधे अभियुक्त संदीप पुत्र हरस्वरूप, निवासी ग्राम पंवारी, थाना बबराला के घर तक पहुंचकर जांच को निर्णायक दिशा दी।

Sambhal News

“मैरी” की सटीक ट्रैकिंग के आधार पर ही अभियुक्त की पहचान सुनिश्चित हो सकी।

अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया। 22 जून 2026 की रात्रि चेकिंग के दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।

दोनों को उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस एवं तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

घटना के सफल अनावरण में उत्कृष्ट योगदान के लिए पुलिस अधीक्षक सम्भल द्वारा डॉग “मैरी” को ₹10,000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

“मैरी” अपने प्रशिक्षण बैच की गोल्ड मेडलिस्ट रही है और वर्ष 2019 से जनपद सम्भल में सेवाएं दे रही है। इससे पूर्व भी वह हत्या, चोरी एवं अन्य गंभीर अपराधों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी है।

संभल पुलिस ने कहा है कि अपराधों के त्वरित अनावरण और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीक, फोरेंसिक विज्ञान और डॉग स्क्वाड जैसे विशेष संसाधनों का प्रभावी उपयोग लगातार किया जा रहा है।

Also Read: Lucknow News: पुजारी की मौत पर पुलिस का त्वरित एक्शन, 24 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.