बरेली के 12 वर्षीय दर्श कश्यप ने शूटिंग में गाड़ा झंडा, 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में जीता गोल्ड मेडल

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के उभरते हुए 12 वर्षीय निशानेबाज दर्श कश्यप ने खेल जगत में अपनी अद्भुत खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जेल रोड स्थित पैसिफिक क्लब द्वारा आयोजित जिला स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में दर्श ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 मीटर इंडोर एयर राइफल श्रेणी में अपने प्रतिद्वंदियों को पछाड़ते हुए सटीक निशाने साधे और प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम कर लिया।

स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करने वाले होनहार खिलाड़ी दर्श कश्यप का पारिवारिक जुड़ाव खाकी से है। वह जेल रोड स्थित पुलिस आवास के निवासी दीपचन्द्र कश्यप के सुपुत्र हैं। दर्श की इस शानदार कामयाबी पर उनके परिवार और पुलिस कॉलोनी में खुशी का माहौल है। इतनी छोटी उम्र में दर्श द्वारा हासिल की गई इस बड़ी उपलब्धि की हर तरफ सराहना हो रही है।

बरेली राइफल क्लब ने सराहा

बरेली राइफल क्लब की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, दर्श की यह जीत उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा है। वह अगस्त 2024 से क्लब की आधिकारिक शूटिंग रेंज में लगातार आ रहे हैं और कोच के मार्गदर्शन में नियमित रूप से कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निशानेबाजी कर स्वर्ण पदक जीतने पर बरेली राइफल क्लब के प्रबंधन ने दर्श को विशेष रूप से बधाई दी है और उनके शानदार करियर व उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की है।

इस गौरवमयी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए राइफल क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि दर्श कश्यप ने साबित कर दिया है कि अगर हौसला बुलंद हो, तो उम्र मायने नहीं रखती। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दर्श की यह स्वर्णिम सफलता बरेली और आस-पास के क्षेत्रों के अन्य उभरते हुए युवा निशानेबाजों के लिए एक महान प्रेरणा का काम करेगी, जिससे जिले में खेल संस्कृति और शूटिंग के प्रति बच्चों का रुझान और ज्यादा बढ़ेगा।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Sambhal News: गमछे की सुगंध बनी सबूत, गोल्ड मेडलिस्ट डॉग ‘मैरी’ ने आरोपी तक पहुंचाई पुलिस, मिला 10 हजार का नकद पुरस्कार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.