चंदौली में STF की बड़ी कामयाबी, ट्रक से मिला 505 किलो गांजा, दो सगे भाई गिरफ्तार
UP News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। चंदौली जिले में UP STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 505 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में बिहार के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
एसटीएफ को पिछले कुछ दिनों से विभिन्न राज्यों में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों की सूचना मिल रही थी। इसी दौरान वाराणसी एसटीएफ यूनिट को मुखबिर से जानकारी मिली कि एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर चंदौली की ओर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर मुगलसराय थाना क्षेत्र के कटरिया अंडरपास के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया गया।
मसाले और लोहे के एंगल के बीच छिपा रखा था गांजा
तलाशी के दौरान ट्रक में लदे मसालों और लोहे के एंगल के बीच छिपाकर रखा गया 505 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा ट्रक भी जब्त किया गया।
बिहार के दो सगे भाई निकले तस्कर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सासाराम निवासी सुरेंद्र सिंह यादव और राजकुमार यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि दोनों सगे भाई हैं और बरामद ट्रक भी सुरेंद्र सिंह यादव का है।
STF की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले ट्रक लेकर रायपुर (छत्तीसगढ़) गए, जहां बिहार के लिए मसाले और लोहे का सामान लोड किया गया। इसके बाद पूर्व नियोजित योजना के तहत ओडिशा के संबलपुर पहुंचकर स्थानीय तस्करों से गांजा खरीदा गया और उसे ट्रक में छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था।
कई जिलों के नेटवर्क से जुड़े हैं तस्कर
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बिहार के अलावा यूपी के बलिया, गाजीपुर, चंदौली और वाराणसी में सक्रिय तस्करों के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। उनकी योजना चंदौली में गांजा की खेप उतारकर आगे बिहार जाने की थी, लेकिन उससे पहले ही STF ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुगलसराय थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

