सिया को लेकर केतन के मन में था डर, पिता से जताई थी चिंता, जांच में हुआ खुलासा

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के युवा कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की लोहगढ़ किले में हुई मौत के मामले ने नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। जिस घटना को शुरुआत में ट्रैकिंग के दौरान 400 फीट गहरी खाई में गिरने से हुई दुर्घटना माना जा रहा था, वह अब हत्या की सुनियोजित साजिश साबित हुई है। पुलिस ने इस मामले में केतन की 20 वर्षीय मंगेतर सिया गोयल और उसके 22 वर्षीय प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है।

सगाई के बाद सामने आए थे कई संकेत

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि फरवरी 2026 में सगाई के बाद दोनों अक्सर साथ समय बिताते थे। इस दौरान केतन कई बार सिया को लेकर अपनी चिंताएं परिवार के सामने रखता था। उसने यहां तक पूछा था कि क्या परिवार ने सिया के बारे में पूरी जानकारी जुटाई है। पिता के अनुसार, सिया अक्सर फोन पर व्यस्त रहती थी और दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों पर विवाद भी होता था।

केतन ने एक बार चेतन चौधरी का नाम भी लिया था, जिससे परिवार को शक हुआ था कि दोनों के बीच कोई संबंध हो सकता है। हालांकि रिश्तेदारों की पहचान होने के कारण परिवार ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।

25 वर्षीय केतन अपने पारिवारिक कारोबार ‘सक्सेस ग्रुप’ में डायरेक्टर थे। अमेरिका के मैसाचुसेट्स स्थित बबसन कॉलेज के एफडब्ल्यू ओलिन ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से पढ़ाई पूरी कर वह 2023 में पुणे लौटे थे। नवंबर में उनकी शादी तय थी और उदयपुर में होटल तक बुक हो चुके थे।

जांच में खुली हत्या की पूरी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि सिया और चेतन पिछले एक साल से रिश्ते में थे और सिया इस शादी से बचना चाहती थी। इसी महीने होने वाला बाली का प्री-वेडिंग शूट भी इसलिए रद्द हो गया क्योंकि केतन का पासपोर्ट गायब हो गया था। जांच में पता चला कि पासपोर्ट सिया ने ही छिपाया था।

पुलिस के अनुसार, केतन की मौत से चार दिन पहले भी लोहगढ़ किले पर सिया ने उसे धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में उसने इसे सांप देखने की वजह बताकर टाल दिया। 18 जून से एक दिन पहले, यानी सिया के जन्मदिन के आसपास हुई घटना में कॉल रिकॉर्ड से पुष्टि हुई कि जिस समय केतन और सिया किले पर थे, उसी समय चेतन भी वहां मौजूद था।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने इस घटना की तुलना पिछले वर्ष चर्चित राजा रघुवंशी हनीमून किलिंग केस से भी की है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.