पुलिस रक्षक नहीं भक्षक बन गई है, रौशन आनंद सर ने भरत तिवारी एनकाउंटर पर उठाए सवाल

Roshan Anand Bharat Tiwari Encounter: पटना में ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद उर्फ रौशन सर ने एक बार फिर बड़ा बयान देकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने भोजपुर जिले के शाहपुर में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर पुलिस-प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। रौशन आनंद ने कहा कि पुलिस आज “रक्षक नहीं बल्कि भक्षक” बन गई है और निर्दोष लोगों के साथ अन्याय कर रही है।

एनकाउंटर पर रौशन आनंद ने उठाए सवाल

रौशन सर ने कहा कि अगर भरत तिवारी ने सरेंडर कर दिया था, तो उसका एनकाउंटर क्यों किया गया। उन्होंने इसे सीधा हत्याकांड बताया और प्रशासन पर गलत कार्रवाई का आरोप लगाया। रौशन ने यह भी कहा कि उनके भाई प्रिंस यादव की मौत भी प्रशासनिक गलतियों का नतीजा है, और अगर उन्हें पहले जेल नहीं भेजा गया होता तो आज उनका भाई जीवित होता।

रौशन आनंद ने 2 जून को पटना में हुए कोचिंग विवाद का भी जिक्र किया, जिसमें उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उसी केस में उनके भाई प्रिंस यादव को आरोपी बनाया गया था, जो बाद में नेपाल भाग गए और 13 जून को उनकी संदिग्ध मौत हो गई। रौशन का कहना है कि यह सब प्रशासन की गलत कार्रवाई का परिणाम है।

भरत तिवारी एनकाउंटर और पुलिस का पक्ष

भरत तिवारी भोजपुर के बिलौटी गांव का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, वह अवैध हथियार रखता था और अधिकारियों को धमकाता था। पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ के दौरान उसने फायरिंग की, जिसके जवाब में उसे गोली लगी और उसकी मौत हो गई। वहीं परिजनों ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताया है।

इस मामले में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कई नेताओं ने इसे “हत्याकांड” बताते हुए जांच की मांग की है। भरत की मां के बयान पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.