Siddharthnagar News: बेलगड़ी टोल प्लाजा के पास 162 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, तीन साथी फरार
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले की शिवनगर डिडई थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 85 लाख रुपये अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य के 162 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक शातिर तस्कर को दबोचा है। हालांकि, इस दौरान उसके तीन अन्य साथी पुलिस टीम को चकमा देकर मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
यह कार्रवाई जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। थाना प्रभारी बृजेश सिंह के नेतृत्व में जब पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी, तभी बेलगड़ी टोल प्लाजा से कुछ पहले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक शौचालय के पास पांच संदिग्ध प्लास्टिक के बोरे और उनके पास चार लोग खड़े दिखाई दिए। पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपी भागने लगे, जिनमें से घेराबंदी करके एक को पकड़ लिया गया।

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पकड़े गए आरोपी की पहचान श्याम उर्फ श्यामू दीक्षित (पुत्र मनीराम) के रूप में हुई है, जो फर्रुखाबाद जनपद के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के सारा गांव का निवासी है। तस्कर के पास से मिले पांचों बोरों की तलाशी लेने पर कुल 162 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता का गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 85 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी श्यामू ने कबूला कि वह अपने फरार साथियों पिंटू चौरसिया, सूर्य प्रकाश चौरसिया और अमन के साथ मिलकर इस खेप को बस के जरिए नोएडा सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए तस्कर और उसके फरार साथियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: बड़े पर्दे पर लौटे कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्ना भैया, मिर्जापुर द मूवी का पोस्टर रिलीज

