यूपी को निवेश का हब बनाने निकले योगी, बेंगलुरु में उद्योगपतियों संग की बड़ी बैठक

Yogi Adityanath Bengaluru Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को बेंगलुरु दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश ग्लोबल ग्रोथ डायलॉग 2026 में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न बड़ी कंपनियों के सीईओ और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवाचार, प्रौद्योगिकी और सुशासन आधारित विकास मॉडल के चलते नया उत्तर प्रदेश आज वैश्विक निवेशकों के लिए भरोसेमंद और तेजी से उभरता हुआ निवेश केंद्र बन चुका है।

यूपी को निवेश की पहली पसंद बनाने की कोशिश

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियों, मजबूत कानून-व्यवस्था, विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचे और विकास की संभावनाओं को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेशकों के हित में बनाई गई नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश अब निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। इसी उद्देश्य से बेंगलुरु में दिनभर रोड शो, प्रेजेंटेशन और राउंड टेबल चर्चाओं का आयोजन किया गया।

आईटी और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर पर खास फोकस

प्रदेश सरकार का इस बार विशेष ध्यान आईटी सेक्टर, आईटीईएस सेवाओं और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCC) को आकर्षित करने पर है। इन्वेस्ट यूपी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योगपतियों, डेवलपर्स और निवेशकों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया। अधिकारियों के अनुसार, आयोजन का मुख्य केंद्र बिंदु यूपी की नई जीसीसी नीति रही।

एफडीआई और टेक्नोलॉजी सेक्टर पर हुई चर्चा

बेंगलुरु के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के अलग-अलग सत्रों में शहरी बुनियादी ढांचे, आईटी उद्योग और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स पर चर्चा हुई। वहीं राउंड टेबल टॉक में उत्तर प्रदेश में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। सरकार को उम्मीद है कि यह दौरा राज्य में नए निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.