वाराणसी-लखनऊ रूट के यात्रियों के लिए खुशखबरी, 3 ट्रेनों को मिले नए स्टॉपेज

Varanasi Lucknow Express: वाराणसी और लखनऊ के बीच यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन ट्रेनों को नए स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव देने का फैसला किया है। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की ओर से यह व्यवस्था लागू की गई है। इनमें दो ट्रेनें 26 जून और एक ट्रेन 27 जून से नए स्टेशनों पर रुकना शुरू करेंगी।

रेलवे ने 3 ट्रेनों के स्टॉपेज में किया बदलाव 

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, ट्रेन संख्या 20401/20402 वाराणसी-लखनऊ-वाराणसी एक्सप्रेस को सराय हरखू स्टेशन पर ठहराव दिया गया है। यह ट्रेन 27 जून से यहां एक मिनट के लिए रुकेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 64281/64282 शिवपुर-उतरेठिया-शिवपुर को हरपालगंज स्टेशन और 13239/13240 पटना-कोटा-पटना एक्सप्रेस को जौनपुर सिटी स्टेशन पर ठहराव दिया गया है।

दोनों ट्रेनें 26 जून से इन स्टेशनों पर रुकेंगी। हरपालगंज में एक मिनट और जौनपुर सिटी में दो मिनट का स्टॉपेज रहेगा। रेलवे के अनुसार फिलहाल यह व्यवस्था प्रयोग के तौर पर लागू की गई है।

दूसरी ओर यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

जहां एक तरफ नए स्टॉपेज से राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ भीषण गर्मी में ट्रेनों के एसी फेल होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कामाख्या एक्सप्रेस के यात्री हिलाल मदनी ने थर्ड एसी कोच बी-1 में एसी खराब होने की शिकायत की। वहीं पाटलीपुत्र एक्सप्रेस के यात्री अभिषेक कुमार ने भी एसी कोच सी-2 में एसी बंद होने की जानकारी रेलवे को दी।

इसके अलावा पुष्पक एक्सप्रेस के यात्री केसरी ने कोच में गंदगी और सफाई न होने की शिकायत की है। रेलवे ने सभी शिकायतों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.