अमृतसर के बजाय पाकिस्तान पहुंचा एयर इंडिया विमान, दिल्ली से भरी थी उड़ान

Air India News: दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-321 सोमवार रात उस समय सुर्खियों में आ गई, जब वह रास्ता भटककर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गई। यह घटना दोनों देशों के बीच पहले से तनावपूर्ण हवाई संबंधों के बीच और भी संवेदनशील मानी जा रही है। विमान ने रात करीब 9:18 बजे नई दिल्ली से उड़ान भरी थी।

पाकिस्तान ATC की चेतावनी के बाद वापस लौटा विमान

रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ समय बाद पायलट को तब स्थिति का अंदाजा हुआ जब पाकिस्तान एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ओर से चेतावनी संदेश मिला। इसके बाद विमान को तुरंत दिल्ली की ओर वापस लौटने का निर्देश दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, विमान करीब एक घंटे में अमृतसर पहुंचने वाला था, लेकिन रास्ता भटकने के कारण यह सीधे पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में चला गया।

दिल्ली लौटा एयर इंडिया विमान

विमान रात करीब 11:30 बजे दिल्ली वापस लौटा। इसके बाद करीब 2 घंटे तक तकनीकी जांच की गई। जांच में नेविगेशन सिस्टम में खराबी की बात सामने आई। इसके बाद विमान को फिर से उड़ान की अनुमति दी गई और यह देर रात लगभग 2:20 बजे श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमृतसर पर सुरक्षित उतरा।

एयरपोर्ट अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि विमान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में करीब डेढ़ मील तक चला गया था। उन्होंने इसे एक “छोटी घटना” बताया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वापसी के दौरान विमान स्थिर नहीं हो पा रहा था, इसलिए उसे पहले दिल्ली भेजा गया।

भारत-पाक हवाई क्षेत्र प्रतिबंध की पृष्ठभूमि

भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के कारण दोनों देशों के बीच हवाई क्षेत्र का उपयोग सीमित है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से दोनों देशों ने एक-दूसरे के हवाई क्षेत्र पर पाबंदी लगा रखी है, जिससे उड़ानों को लंबा और जटिल रूट लेना पड़ता है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.