पहले 7.1, फिर 7.5 की तबाही से थर्राया Venezuela, दोहरे भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट जारी
Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में बुधवार शाम प्रकृति का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसने पूरे देश को दहशत में डाल दिया। कुछ ही मिनटों के अंतराल पर आए 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने राजधानी काराकास समेत कई शहरों को हिला कर रख दिया। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग जान बचाने के लिए घरों और इमारतों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था, जिसका केंद्र कैरेबियन तट के पास मोरोन क्षेत्र से करीब 28 किलोमीटर पश्चिम में स्थित था। इसकी गहराई 13 किलोमीटर दर्ज की गई। इसके कुछ ही मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
काराकास में मची अफरा-तफरी

राजधानी काराकास में भूकंप के झटकों के बाद लोग घबराकर इमारतों से बाहर निकल आए। कई इलाकों में दीवारें क्षतिग्रस्त होने और इमारतों के हिस्से गिरने की खबरें सामने आई हैं। कुछ जगहों पर धूल के बड़े गुबार उठते दिखाई दिए, जिससे लोगों में और ज्यादा भय का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई लोगों ने अपनी आंखों के सामने इमारतों की दीवारें ढहते देखीं। कई परिवार देर रात तक खुले स्थानों पर ही डटे रहे।
सुनामी की चेतावनी से बढ़ी चिंता
Venezuela में Earthquake के बाद अमेरिकी पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स के लिए सुनामी चेतावनी जारी कर दी। इसके बाद तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ गई। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो ने बताया कि भूकंप के झटके कई राज्यों में महसूस किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचा है और आफ्टरशॉक का खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोगों से फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोगों के घायल होने की सूचना मिली है, जबकि राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम कर रहे हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को रास्ता देने की अपील की है।
फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है और अधिकारियों की नजर संभावित आफ्टरशॉक्स तथा सुनामी के खतरे पर बनी हुई है।
Also Read: विदेशी पत्रकार का दावा, जिनेवा में Mossad ने रची थी पाक आर्मी चीफ Asif Munir को मारने की साजिश

