विदेशी पत्रकार का दावा, जिनेवा में Mossad ने रची थी पाक आर्मी चीफ Asif Munir को मारने की साजिश
Israel Plan For Murder Asif Munir: ब्राजील के चर्चित भू-राजनीतिक विश्लेषक और पत्रकार पेपे एस्कोबार के एक दावे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। एस्कोबार ने आरोप लगाया है कि इजरायल की खुफिया एजेंसी Mossad ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर (Asim Munir) और उनके प्रतिनिधिमंडल को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। दावा किया गया कि यह कथित साजिश उस समय रची गई, जब मुनीर स्विट्जरलैंड के जिनेवा में शांति वार्ता से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल थे।
हालांकि, इस दावे की अब तक किसी भी सरकारी एजेंसी, इजरायल या पाकिस्तान की ओर से पुष्टि नहीं हुई है। वहीं कई विश्लेषकों ने इसे अपुष्ट और विवादित दावा बताया है।
पत्रकार के दावे से मची चर्चा
एस्कोबार के अनुसार, पाकिस्तान की सैन्य खुफिया एजेंसी को ऐसी जानकारी मिली थी कि जिनेवा में आयोजित उच्चस्तरीय बैठकों के दौरान Asim Munir और पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों को निशाना बनाने की तैयारी की जा रही थी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि यह कथित योजना ऐसे समय में बनाई गई, जब पाकिस्तान क्षेत्रीय तनाव कम करने और विभिन्न पक्षों के बीच संवाद की कोशिशों में भूमिका निभा रहा था।
पाकिस्तानी पत्रकार ने बताया निराधार
ब्राजीलियाई पत्रकार के इस दावे को पाकिस्तान के कुछ पत्रकारों और विश्लेषकों ने खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि इस तरह की किसी साजिश के समर्थन में अब तक कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक किसी आधिकारिक जांच या विश्वसनीय दस्तावेज के जरिए इसकी पुष्टि नहीं होती, तब तक इसे केवल एक दावा ही माना जाएगा।
ईरान-इजरायल तनाव के बीच आया दावा
यह दावा ऐसे समय सामने आया है जब मध्य पूर्व में ईरान, इजरायल और उसके सहयोगी देशों के बीच तनाव लगातार चर्चा में है। एस्कोबार ने अपने बयान में यह भी कहा कि क्षेत्रीय शांति प्रयासों और कूटनीतिक समझौतों को लेकर कुछ पक्षों में असंतोष था।
हालांकि, इन आरोपों पर इजरायल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल इस पूरे मामले में न तो पाकिस्तान सरकार, न सेना और न ही इजरायली अधिकारियों ने किसी प्रकार की पुष्टि की है। ऐसे में यह मामला अभी दावों और प्रतिदावों तक ही सीमित है।
Also Read: ईरान ने अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पीएम मोदी को भेजा न्योता

