जापान में 7.2 तीव्रता के भूकंप से डोली धरती, 4 लोग घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: दुनिया के दो अलग-अलग कोनों में आए शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। पूर्वोत्तर जापान में गुरुवार सुबह 7.2 तीव्रता का एक बेहद शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:30 बजे आए इस भूकंप का केंद्र इवाते प्रीफेक्चर के पूर्वी तट के पास जमीन के अंदर लगभग 40 किलोमीटर की गहराई में था। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक, जापान के 7-स्तरीय भूकंपीय पैमाने पर इसकी तीव्रता हाशिकामी टाउन में अपर 6 दर्ज की गई, जिसका मतलब है कि लोगों के लिए बिना रेंगते हुए खड़ा रहना या चलना भी असंभव हो जाता है। इस आपदा में कम से कम चार लोगों के घायल होने की खबर है।
JMA के अनुसार, भूकंप के झटके होक्काइडो, अकिता, फुकुशिमा, मियागी, यामागाता और राजधानी टोक्यो तक महसूस किए गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इसके बाद कोई सुनामी चेतावनी जारी नहीं की गई। हिगाशिदोरी, ओनागावा और फुकुशिमा दाइइची सहित सभी प्रमुख परमाणु ऊर्जा संयंत्र पूरी तरह सुरक्षित हैं और वहां कोई असामान्यता नहीं पाई गई है। दूसरी तरफ, दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में प्रकृति का इससे भी भयानक रूप देखने को मिला। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, वहां कुछ ही मिनटों के अंतराल पर 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो बैक-टू-बैक विनाशकारी भूकंप आए।
वेनेजुएला में आए इन दोनों भूकंपों का केंद्र राजधानी कराकास से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में स्थित तटीय नगर मोरोन के पास था। सबसे चिंताजनक बात यह है कि दोनों भूकंपों की गहराई जमीन से महज 10 किलोमीटर नीचे थी, जिससे वहां व्यापक पैमाने पर जान-माल का नुकसान होने की आशंका है। इस भयावह स्थिति को देखते हुए वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने तुरंत देश में आपातकाल (Emergency) लागू करने की घोषणा कर दी है।
Also Read: NCERT ने कक्षा 9 की पाठ्यपुस्तक में पहली बार शामिल किया आपातकाल

