Lucknow News: हज यात्रा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, जानें जरूरी बातें

Lucknow News: मुकद्दस सफर-ए-हज 2027 पर जाने की ख्वाहिश रखने वाले इच्छुक हज यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य हज कमेटी के सदस्य शाहीन अंसारी ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इसके तहत हज यात्रा के इच्छुक आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट hajcommittee.gov.in या फिर हज सुविधा (Haj Suvidha) मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए आसानी से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

शाहीन अंसारी के मुताबिक, ऑनलाइन आवेदन की यह प्रक्रिया 22 जून, से प्रारम्भ हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 20 जुलाई, 2026 तय की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस निर्धारित समय सीमा के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा और न ही तारीख को आगे बढ़ाया जाएगा। हज यात्रा की चयन प्रक्रिया, अग्रिम भुगतान और आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों का विवरण इस प्रकार है:

कुर्रा (चयन) और अग्रिम भुगतान: शाहीन अंसारी ने बताया कि जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन) की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसमें प्रोविजनल रूप से चयनित प्रत्येक हज यात्री को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम धनराशि (Advance Amount) अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी।

सीट निरस्त कराने पर कटौती: उन्होंने आगाह किया कि यदि कोई यात्री चयन के बाद अपनी सीट निरस्त (Cancel) कराता है, तो हज-2027 की गाइडलाइंस के अनुसार जमा राशि में से तय कटौती की जाएगी। इसलिए यात्री अपनी पूरी तैयारी और दृढ़ प्रतिबद्धता के बाद ही आवेदन करें।

अनिवार्य दस्तावेज

अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट: मशीन-पठनीय पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ (साइज: 1200×800 पिक्सेल, फॉर्मेट: JPG/JPEG, 100-500 KB)। पासपोर्ट आवेदन की आखिरी तारीख तक जारी होना चाहिए और कम से कम 31 दिसंबर 2027 तक वैध (Valid) होना जरूरी है।

फोटो: हाल ही का खींचा हुआ पासपोर्ट आकार का फोटो (साइज: 480×640 पिक्सेल, JPG/JPEG, 5-20 KB)।

बैंक डिटेल: बैंक पासबुक या फिर एक निरस्त (Cancelled) चेक (साइज: 590×750 पिक्सेल, JPG/JPEG, 80-250 KB)।

पते का प्रमाण (Address Proof): निवास या पते के सत्यापन हेतु वैध दस्तावेज (साइज: 590×750 पिक्सेल, JPG/JPEG, 80-250 KB)।

सभी आवेदकों से अपील की गई है कि वे आवेदन करने से पहले हज कमेटी ऑफ इंडिया (hajcommittee.gov.in) और यूपी हज कमेटी (hajcommittee.up.gov.in) की वेबसाइट पर उपलब्ध हज पॉलिसी और नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

Also Read: जापान में 7.2 तीव्रता के भूकंप से डोली धरती, 4 लोग घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.