प्रतापगढ़ प्रशासन ने राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह को किया नजरबंद

Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मुहर्रम के पवित्र त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने एक बड़ी एहतियाती कार्रवाई की है। कुंडा के बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह समेत कुल 13 लोगों को पुलिस ने उनके आवास भदरी महल में नजरबंद (House Arrest) कर दिया है। प्रशासन को आशंका थी कि त्योहार के मौके पर इलाके में शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसी के चलते गुरुवार सुबह 5 बजे से लेकर शुक्रवार रात 9 बजे तक इन सभी को पुलिस की कड़ी निगरानी में रखने का फैसला लिया गया है।

प्रतापगढ़ प्रशासन ने राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह को किया नजरबंद

भदरी महल के मुख्य गेट पर चस्पा हुआ नोटिस

पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने भदरी महल पहुंचकर राजा उदय प्रताप सिंह और उनके सहयोगियों को नजरबंद करने की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद महल के मुख्य द्वार पर नजरबंदी का आधिकारिक नोटिस चस्पा कर दिया गया। प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि मुहर्रम के दौरान किसी भी नई परंपरा की शुरुआत या शांति भंग करने की कोशिश पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे तनाव की जड़ कुंडा के शेखपुर आशिक गांव में स्थित एक हनुमान मंदिर है, जिसका निर्माण करीब 12 साल पहले हुआ था। राजा उदय प्रताप सिंह मुहर्रम के ही दिन इस मंदिर में हनुमान पाठ और विशाल भंडारे के आयोजन पर अड़ जाते हैं। साल 2015 में मुहर्रम के ताजिए और भंडारे का समय एक साथ होने पर मुस्लिम समुदाय ने कड़ा विरोध जताया था, जिसके बाद से यह क्षेत्र बेहद संवेदनशील श्रेणी में आ गया।

यह विवाद पूर्व में इलाहाबाद हाईकोर्ट भी पहुंच चुका है, जहां अदालत ने अंतिम फैसला लेने का अधिकार जिलाधिकारी के विवेक पर छोड़ा था। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृज नंदन राय ने बताया कि एसडीएम कुंडा के आधिकारिक आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। सांप्रदायिक सौहार्द को देखते हुए राजा उदय प्रताप सिंह को अब तक 7 बार नजरबंद किया जा चुका है।

रिपोर्ट- विनोद मिश्र

Also Read: कोलकाता वेयरहाउस हादसे में मृतकों की संख्या हुई 9, पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.