Prahaar: 26/11 हमले पर आ रही राजकुमार राव की फिल्म, मिलेंगे कई सवालों के जवाब
Entertainment News: बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव एक बार फिर एक गंभीर और चुनौतीपूर्ण किरदार के साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं।
उनकी आगामी फिल्म Prahaar 26/11 मुंबई आतंकी हमले की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम की संघर्षपूर्ण कहानी को दिखाया जाएगा।
इस फिल्म में राजकुमार राव उज्ज्वल निकम की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
फिल्म से राजकुमार राव का फर्स्ट लुक सामने आ चुका है, जिसमें वे मूंछों और उम्रदराज अंदाज में दिखाई दे रहे हैं।
उनका यह लुक सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है और फैंस इसे दमदार बता रहे हैं। अभिनेता का गंभीर हावभाव और सधा हुआ अंदाज इस किरदार की गहराई को बखूबी दर्शाता है।
फिल्म के पोस्टर्स मैडॉक फिल्म्स की ओर से जारी किए गए हैं। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा गया है— “कसाब को फांसी देने में इतनी देर क्यों हुई?” मेकर्स ने साफ किया है कि ‘प्रहार’ के जरिए 26/11 हमले से जुड़े कई अनसुलझे सवालों और कानूनी प्रक्रिया की सच्चाई को सामने लाने की कोशिश की जाएगी। यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
राजकुमार राव के लिए वकील का किरदार नया नहीं है। इससे पहले वे हंसल मेहता की फिल्म ‘शाहिद’ में वकील शाहिद आजमी की भूमिका निभा चुके हैं, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से भी नवाजा गया था।
ऐसे में ‘प्रहार’ में उनका यह नया अवतार दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है, यह देखना दिलचस्प होगा।
हालांकि, मौजूदा समय में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 26/11 जैसे संवेदनशील और गंभीर विषय पर बनी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को कितना आकर्षित कर पाएगी।
हाल के वर्षों में कंटेंट की तारीफ तो खूब हुई है, लेकिन कई फिल्मों को व्यावसायिक सफलता नहीं मिल सकी।
अब यह देखना होगा कि ‘प्रहार’ अपनी सशक्त कहानी और राजकुमार राव के अभिनय के दम पर दर्शकों का दिल जीत पाती है या नहीं।
Also Read: जल्द बड़े पर्दे पर दिखेंगे कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्ना भैया, पोस्टर रिलीज

