शाइन सिटी महाठगी का मास्टरमाइंड दबोचा गया, एक लाख का इनामी तस्कर मो. शमशाद प्रयागराज से गिरफ्तार
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने शाइन सिटी इन्फ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर आम जनता से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की फील्ड इकाई अयोध्या ने बुधवार रात करीब 9:40 बजे प्रयागराज के उतराव जीटी रोड के किनारे से एक लाख रुपये के इनामी और वांछित अपराधी मो. शमशाद अंसारी उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है। वह सुल्तानपुर के कोतवाली नगर थाने में दर्ज कई मुकदमों में लंबे समय से फरार चल रहा था।
मर्चेंट नेवी की नौकरी छोड़ बना था ठग
गिरफ्तार आरोपी मो. शमशाद अंसारी पुत्र अब्दुल वाहिद मूल रूप से एलआईजी एलडीए कॉलोनी, स्टेनली रोड, नया पुरवा (कमलानगर), थाना शिवकुटी, जनपद प्रयागराज का रहने वाला है। एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में उप निरीक्षक सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी संतोष सिंह, रजनीश सिंह, नीरज सिंह और कमांडो राज कुमार की टीम प्रयागराज में संदिग्धों की टोह में थी। सटीक मुखबिरी के आधार पर टीम ने उतराव जीटी रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में शमशाद ने बताया कि वर्ष 2001 में वह और शाइन सिटी का मुख्य कर्ताधर्ता आसिफ नसीम मर्चेंट नेवी में साथ नौकरी करते थे। बाद में आसिफ ने नौकरी छोड़ दी। वर्ष 2014 में आसिफ ने शमशाद को मोटी कमाई का लालच देकर प्रॉपर्टी के धंधे में शामिल कर लिया। इसके बाद शमशाद सुल्तानपुर में Shine City Proxima कंपनी के सहायक निदेशक के रूप में काम करने लगा। जब कंपनी करोड़ों रुपये समेटकर भाग गई, तो इसके खिलाफ भी मुकदमे दर्ज हुए और यह पहचान छिपाकर ठिकाने बदल रहा था।
आरोपी के खिलाफ सुल्तानपुर के कोतवाली नगर थाने में जालसाजी और धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं के तहत तीन मुख्य मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ ने गिरफ्तार तस्कर को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए थाना कोतवाली नगर, जनपद सुल्तानपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
Also Read: सिया ने फिल्म देखकर रचा केतन के मर्डर का प्लान? ‘हसीन दिलरुबा’ जैसे नहीं छलके आंसू

