यूपी बीजेपी की नई टीम का ऐलान, राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह बने उपाध्यक्ष

UP BJP New Team 2026: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को नई टीम की घोषणा करते हुए 2027 विधानसभा चुनाव में लगातार जीत यानी हैट्रिक का लक्ष्य तय किया है। नई टीम में कई नए और चर्चित चेहरों को शामिल किया गया है, जिसमें सबसे बड़ा नाम रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे नीरज सिंह का है, जिन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नीरज सिंह और पूजा पाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी

नई सूची में नीरज सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी नोएडा के विधायक पंकज सिंह के पास थी, लेकिन अब उन्हें हटाकर यह जिम्मा नीरज सिंह को दिया गया है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी की बागी विधायक पूजा पाल को भी उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है।

बाराबंकी की पूर्व सांसद प्रियंका रावत को भी प्रमोशन देकर महामंत्री से उपाध्यक्ष बनाया गया है। यह बदलाव पार्टी के अंदर जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

19 उपाध्यक्षों की सूची में कई प्रमुख नाम शामिल

प्रदेश उपाध्यक्षों की सूची में कुल 19 नाम शामिल किए गए हैं। इनमें नीरज सिंह, पूजा पाल और प्रियंका रावत के अलावा सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर सिंह, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, देवेश कोरी, दुर्योधन शाक्य, रमेश सिंह, अर्चना मिश्रा, शंकर गिरी, कामेश्वर सिंह, डॉ. कृतिका अग्रवाल, सुरेश मौर्य, राजेश यादव, कृष्ण बिहारी राय और आलोक गुप्ता जैसे नेता शामिल हैं।

महामंत्री, मंत्री और क्षेत्रीय अध्यक्षों की भी नई सूची जारी

भाजपा ने प्रदेश संगठन में आठ महामंत्रियों और 19 मंत्रियों की भी नियुक्ति की है। महामंत्रियों में रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी शामिल हैं।

वहीं पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर के नए क्षेत्रीय अध्यक्ष भी घोषित किए गए हैं। यह पूरी टीम 2027 चुनाव को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है और इसे पार्टी की “मिशन हैट्रिक” रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.