खेत में गई 14 साल की किशोरी अचानक हुई लापता, पुलिस तलाश में जुटी
Balrampur News: उत्तर प्रदेश के कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव से 14 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 23 जून की दोपहर करीब 1 बजे किशोरी घर से खेत में गोबर फेंकने के लिए निकली थी। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटी तो परिवार के लोग चिंतित हो गए। उन्होंने पहले अपने स्तर पर गांव और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की और रिश्तेदारों व परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मोबाइल फोन लेकर गई थी किशोरी
परिजनों ने बताया कि किशोरी अपने साथ मोबाइल फोन भी लेकर गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो मामले की सूचना कोतवाली देहात पुलिस को दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किशोरी की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द से जल्द किशोरी को सुरक्षित बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हर एंगल से पुलिस कर रही है जांच
थाना प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीमों को तलाश में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और किशोरी की शीघ्र बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

