Ramgarh में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से सीधी भिड़ंत में 7 की मौत, एक की हालत गंभीर

Ramgarh Road Accident: झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के पास यात्रियों से भरे एक वाहन और कोयला लदे ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-23 (NH-23) जाम कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग एक ताशा-बैंड पार्टी से जुड़े थे। बलसगरा गांव के दो लोग एक सवारी वाहन से मारंगमर्चा गांव पहुंचे थे और वहां से कार्यक्रम में शामिल छह अन्य सदस्यों को लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ की ओर से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करते समय सवारी वाहन को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि सवारी वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क पर कई फीट तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचते ही 7 लोगों को मृत घोषित

Ramgarh सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि कुल आठ घायलों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से सात लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

Jharkhand के एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि शुरुआती जांच में ट्रक के रॉन्ग साइड में जाकर सवारी वाहन को टक्कर मारने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हादसे के बाद NH-23 जाम, लोगों में आक्रोश

 

Ramgarh में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से सीधी भिड़ंत में 7 की मौत, एक की हालत गंभीर

दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (NH-23) पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि लारी-बरलौंग क्षेत्र लगातार हादसों का ब्लैक स्पॉट बन चुका है, लेकिन प्रशासन अब तक सड़क सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा सका है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले चार दिनों में इसी स्थान पर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है और अब तक कुल 10 लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद न तो पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम किए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना, रामगढ़ थाना समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की और देर रात तक मौके पर कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए रखी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है, जबकि स्थानीय लोग जिम्मेदारों पर कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के स्थायी इंतजाम की मांग कर रहे हैं।

Also Read: Lucknow: प्रेमी संग मां को आपत्तिजनक हालत में देख बेटे का फूटा गुस्सा, कुल्हाड़ी से कर दी हत्या

Get real time updates directly on you device, subscribe now.