Lucknow: प्रेमी संग मां को आपत्तिजनक हालत में देख बेटे का फूटा गुस्सा, कुल्हाड़ी से कर दी हत्या

Lucknow News: लखनऊ के बीबीडी क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी मां को कथित तौर पर प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

मंगलवार तड़के हुई इस घटना का बुधवार को दुखद अंत तब हुआ, जब ट्रॉमा सेंटर में भर्ती 42 वर्षीय उषा देवी ने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, उषा देवी मूल रूप से बिहार के सिवान की रहने वाली थीं और लखनऊ के अनौरा खुर्द इलाके में अपने छोटे बेटे के साथ किराए के मकान में रहती थीं। उनके पति की करीब 15 साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी।

बेटे को मिली थी रिश्ते की जानकारी

परिजनों के अनुसार, उषा देवी एक हॉस्टल में खाना बनाने का काम करती थीं। वहीं काम करने वाले महेंद्र प्रताप से उनकी नजदीकियां बढ़ गई थीं। बताया जा रहा है कि दोनों के संबंधों को लेकर परिवार में पहले भी विवाद हो चुका था।

मृतका की बेटी और दामाद ने बताया कि कुछ दिन पहले इसी बात को लेकर घर में झगड़ा हुआ था। इसके बाद बड़े बेटे संदीप को पूरे मामले की जानकारी दी गई, जो अहमदाबाद में रहकर काम करता था।

अहमदाबाद से लौटा, फिर हुआ खूनी विवाद

जानकारी मिलने के बाद संदीप मंगलवार तड़के लखनऊ पहुंचा। घर पहुंचने पर उसने मां और महेंद्र को एक साथ देखा, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। कहा जा रहा है कि बहस बढ़ने के बाद दोनों छत पर चले गए।

इसी दौरान संदीप कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और हमला कर दिया। हमले में उषा देवी के सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक पारिवारिक विवाद किस तरह खूनी वारदात में बदल गया, इसे लेकर आसपास के लोग भी हैरान हैं।

Also Read: लखनऊ हादसे से जागा LDA, अब हर बिल्डिंग मालिक को देना होगा फायर सेफ्टी का हलफनामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.