सर्जरी में डॉक्टर ने काटी गलत नस, पूछने पर कहा- ‘अल्लाह की मर्जी’, महिला का दावा

Delhi News: दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने गंभीर मेडिकल लापरवाही के आरोप लगाए हैं। महिला नूर सबा का दावा है कि गॉल ब्लैडर की सर्जरी के दौरान डॉक्टर ने गलती से एक गलत नस काट दी। जब उन्होंने इस पर सवाल पूछा तो डॉक्टर ने कथित तौर पर कहा कि यह “अल्लाह की मर्जी” थी। इस घटना के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।

सर्जरी के बाद बिगड़ी हालत 

नूर सबा, जो दिल्ली के शाहदरा इलाके के करदम पुरी की रहने वाली हैं, का ऑपरेशन 17 फरवरी 2026 को गाजियाबाद के लोनी स्थित अल्वी नर्सिंग होम में हुआ था। यह ऑपरेशन गॉल ब्लैडर हटाने के लिए किया गया था। ऑपरेशन के करीब 15 से 20 दिन बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। जांच में डॉक्टरों ने उन्हें पीलिया बताया और दो दिन के लिए भर्ती किया गया, लेकिन उनकी स्थिति लगातार खराब होती गई।

दूसरे अस्पताल में हुआ खुलासा 

बाद में नूर सबा ने दूसरे अस्पताल में इलाज कराया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि पिछली सर्जरी के दौरान एक नस कट गई थी, जिससे उनकी हालत बिगड़ी और पीलिया जैसी समस्या हुई। इसके बाद उनका दोबारा ऑपरेशन किया गया और उनकी सेहत में सुधार हुआ।

डॉक्टर के बयान पर बढ़ा विवाद 

नूर सबा का आरोप है कि जब उन्होंने अल्वी नर्सिंग होम में सवाल उठाया तो डॉक्टर डॉ. मोहम्मद नदीम ने मामले को “अल्लाह की मर्जी” बताते हुए टाल दिया और 500 से 1000 रुपये में समझौते की बात कही। उन्होंने एसडीएम और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शिकायत दी है। डॉक्टर ने आरोपों से इनकार किया है। नूर सबा अब मुआवजे की मांग कर रही हैं।

मामला वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई यूजर्स ने डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और लाइसेंस रद्द करने की मांग की है। अब यह मामला प्रशासनिक जांच के दायरे में है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.