टॉस जीतकर भारत ने चुनी गेंदबाजी, वैभव सूर्यवंशी को नहीं मिला मौका; जानें Playing XI
India vs Ireland 1st T20 2026: भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार, 26 जून को बेलफास्ट में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में कई अहम बदलाव देखने को मिले। 2023 के बाद श्रेयस अय्यर की टी-20 टीम में वापसी हुई है, जबकि हर्षित राणा भी फिर से टीम का हिस्सा बने हैं। वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल को एक साथ मौका मिला है।
संजू-अभिषेक करेंगे ओपनिंग
भारतीय टीम के लिए अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पारी की शुरुआत करेंगे। इससे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है। ईशान किशन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर चौथे और तिलक वर्मा पांचवें स्थान पर उतरेंगे। शिवम दुबे फिनिशर की भूमिका निभाएंगे। गेंदबाजी की जिम्मेदारी अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा संभालेंगे, जबकि अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे।
श्रेयस ने बताया क्यों नहीं मिला वैभव को मौका
टॉस के दौरान श्रेयस अय्यर ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन टीम में पहले से कई अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। इसलिए फिलहाल उन्हें मौका नहीं दिया गया। उन्होंने भरोसा जताया कि सही समय आने पर वैभव को भी डेब्यू का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सभी खिलाड़ियों को खुलकर अपना स्वाभाविक खेल खेलने का संदेश दिया है।
उधर, आयरलैंड की टीम में भी बड़े बदलाव हुए हैं। स्टार बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं और चोट के कारण छह वरिष्ठ खिलाड़ियों की जगह नए चेहरों को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है।

