‘झारखंड-तेलंगाना में भी हुए पेपर लीक, सिर्फ BJP को क्यों घेर रहे?’ राहुल गांधी पर जेपी नड्डा का पलटवार

JP Nadda on Paper Leak: पेपर लीक के मुद्दे पर देशभर में जारी विरोध-प्रदर्शन और विपक्ष के हमलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक एक गंभीर राष्ट्रीय मुद्दा है, लेकिन विपक्ष इसे राजनीतिक हथियार बनाकर छात्रों की भावनाओं का इस्तेमाल कर रहा है।

नड्डा ने कहा कि सरकार हर पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने के लिए प्रतिबद्ध है और सच्चाई सामने लाई जाएगी। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि वे केवल भाजपा शासित राज्यों के मामलों का जिक्र क्यों कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस और INDIA गठबंधन शासित राज्यों में भी कई पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं।

राहुल के दावों पर नड्डा का जवाब

जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में अपने संबोधन के दौरान करीब 150 पेपर लीक मामलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार इन सभी मामलों की जांच कराने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को भी पूरे तथ्य देश के सामने रखने चाहिए।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी सूची में उन राज्यों का जिक्र नहीं किया, जहां कांग्रेस या INDIA गठबंधन की सरकारों के दौरान पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मामले सामने आए।

कांग्रेस शासित राज्यों के उदाहरण गिनाए

नड्डा ने दावा किया कि कई गैर-भाजपा शासित राज्यों में भी पेपर लीक की घटनाएं हुईं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा-

  • झारखंड में JAC की हिंदी और साइंस परीक्षा के पेपर लीक हुए।
  • तेलंगाना में इंटरमीडिएट और SSC की भाषा परीक्षाओं के पेपर लीक हुए।
  • हिमाचल प्रदेश में स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षा प्रभावित हुई।
  • पंजाब में सबऑर्डिनेट सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड की परीक्षा में अनियमितताएं सामने आईं।
  • केरल में PSC की कई परीक्षाओं पर सवाल उठे।
  • कर्नाटक में PUC परीक्षा के पेपर लीक के मामले सामने आए।
  • पश्चिम बंगाल में पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा विवादों में रही।

उन्होंने कहा कि यह सूची काफी लंबी है और विपक्ष केवल चुनिंदा मामलों को उठाकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है।

राहुल गांधी से पूछा- ‘इतने सिलेक्टिव क्यों?’

जेपी नड्डा ने कहा कि यदि विपक्ष का उद्देश्य वास्तव में छात्रों को न्याय दिलाना होता, तो वह सभी राज्यों की घटनाओं पर समान रूप से आवाज उठाता। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि INDIA गठबंधन की सरकारों में हुए पेपर लीक पर उन्होंने चुप्पी क्यों साध रखी है।

नड्डा ने कहा कि पेपर लीक जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय समाधान तलाशना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संसद इस विषय पर चर्चा का सबसे उपयुक्त मंच है और केंद्र सरकार हर पहलू पर विस्तृत चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।

Also Read: राहुल गांधी का दावा, ‘मुझे घसीट रहे पुलिसवालों ने कहा- इस सरकार को हटाइए, हम मजबूर हैं’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.