Bareilly News: बहेड़ी पुलिस के हत्थे चढ़ा वाहन चोर, फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक और 9 चाबियों का गुच्छा बरामद
Bareilly News: उत्तर प्रदेश की बरेली पुलिस को वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना बहेड़ी पुलिस टीम ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चोरी की मोटरसाइकिल से घूम रहे एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से चोरी की एक बाइक और 9 चाबियों का गुच्छा बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बरेली जनपद के बहेड़ी थाना क्षेत्र स्थित वन विभाग तिराहा कस्बा में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया। मोटरसाइकिल के आगे नंबर प्लेट गायब थी, जबकि पीछे फर्जी नंबर प्लेट (UP25N1331) लगाई गई थी। पुलिस ने जब ई-चालान ऐप के जरिए वाहन के चेसिस नंबर से जांच की, तो बाइक का असली रजिस्ट्रेशन नंबर UP21CX5106 निकला। छानबीन में पता चला कि इस वाहन के असली मालिक मुरादाबाद निवासी आदित्य लोसहाली हैं और इस मोटरसाइकिल की चोरी का मुकदमा (मु.अ.सं. 159/2026, धारा 303(2) BNS) उत्तराखंड के लालकुआं थाने में पहले से दर्ज है।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचता था चोरी की बाइकें
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए अभियुक्त की पहचान संजू उर्फ रघू उर्फ संजीव कुमार (उम्र 21 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए मोटरसाइकिलें चुराता था। उसने बताया कि बरामद बाइक करीब 20-25 दिन पहले उसने उत्तराखंड के लालकुआं स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास से चुराई थी। वह चोरी की गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेच देता था और पैसे खत्म होने पर दोबारा चोरी की घटना को अंजाम देता था।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: यूपी 2027 में गठबंधन की सरकार बनाएगी कांग्रेस, आराधना मिश्रा मोना ने बताया लक्ष्य

