Banda News: पुलिस मुठभेड़ में रेप के दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में रेप के दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा बाईपास के पास भवानी पुरवा में हुई। आरोपियों की पहचान एजाज (25) और नरेश (50) के रूप में हुई है, जबकि मुठभेड़ के दौरान दो पुलिस कांस्टेबल भी घायल हुए हैं।
ननिहाल जाने के लिए घर से निकली थी पीड़िता
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 16 वर्षीय किशोरी 24 जुलाई को अपने ननिहाल (फतेहपुर का नरेनी गांव) जाने के लिए अकेले निकली थी। देर शाम वह बांदा बस स्टैंड पहुंची, तभी ऑटो ड्राइवर नरेश (50) ने उसे नरेनी छोड़ने की बात कहकर अपने ऑटो में बिठा लिया। ड्राइवर ने करीब एक घंटे तक किशोरी को लेकर इधर-उधर घुमाया और फिर रास्ते में अपने साथी एजाज (25) को ऑटो में बैठा लिया।
इसके बाद दोनों आरोपी किशोरी को एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां एजाज ने उसके साथ रेप किया। पीड़िता के चिल्लाने पर एजाज ने उसका गला दबाना शुरू कर दिया। इस दौरान किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए एजाज के हाथ में दांत से काट लिया और मौका पाकर वहां से भागकर पास के एक ढाबे पर पहुंची।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने की आरोपियों की पहचान
ढाबे पर मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता से बातचीत की और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शहर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और ऑटो की पहचान के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंची।
मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में लगी गोली
पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। रविवार सुबह जब पुलिस ने उन्हें ऑटो के साथ देखा तो वे भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें गोली एजाज के बाएं पैर में लग गई, जबकि नरेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल एजाज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मुठभेड़ में दो पुलिस कांस्टेबल को भी चोटें आई हैं, जिन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एजाज पर पहले से दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एजाज पर पहले से हत्या के प्रयास (धारा 307) और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास बताता है कि वह किसी भी वारदात को अंजाम देने से नहीं चूकता था। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन विवेचना की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सपा कार्यालय के बाहर लगी होर्डिंग, छात्र आंदोलन को बताया ऐतिहासिक जीत

