अयोध्या रामलीला में पहली बार श्रीराम बनेंगे रवि किशन, जानिए किसे मिला रावण और शिव का रोल
Ayodhya Ramlila 2026: अयोध्या रामलीला 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजकों ने इस वर्ष होने वाली रामलीला की तारीखों और कलाकारों की सूची जारी कर दी है। इस बार बॉलीवुड अभिनेता और गोरखपुर से सांसद रवि किशन पहली बार प्रभु श्रीराम की भूमिका निभाएंगे। इससे पहले वह भगवान केवट, भगवान परशुराम और भगवान भरत का किरदार निभा चुके हैं।
इन कलाकारों को मिली अहम भूमिकाएं
आयोजकों के अनुसार, विंदू दारा सिंह भगवान शिव की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि अरुण बक्शी रावण का किरदार निभाएंगे। इसके अलावा वरिष्ठ अभिनेता राकेश बेदी भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं अवतार गिल नारद मुनि और रज़ा मुराद राजा जनक तथा अहिरावण की भूमिका निभाएंगे।
दिल्ली और अयोध्या में होगा मंचन
अयोध्या रामलीला के अध्यक्ष सुभाष मलिक (बॉबी मलिक) और महासचिव शुभम मलिक ने बताया कि रामलीला का पहला चरण 10 से 20 अक्टूबर तक नई दिल्ली के मावलंकर हॉल, कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब, रफी मार्ग में आयोजित होगा। इसके बाद 15 से 25 जनवरी तक प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में भव्य मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि देश-विदेश के श्रद्धालु घर बैठे इसका आनंद ले सकें।
बारिश के कारण बदली गई तारीखें
आयोजकों ने बताया कि पिछले वर्षों में बारिश और तेज हवाओं के कारण मंच और सेट को काफी नुकसान हुआ था, जिससे कार्यक्रम प्रभावित हुआ। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार आयोजन की तारीखों में बदलाव किया गया है, ताकि रामलीला का मंचन बिना किसी बाधा के भव्य और व्यवस्थित तरीके से कराया जा सके। फाउंडर अध्यक्ष सुभाष मलिक ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीराम की लीला को दुनिया भर के श्रद्धालुओं तक पहुंचाना है।
Also Read: नितिन गडकरी मेटा,एक्स और गूगल पर कर सकते हैं केस, जानें क्या है पूरा मामला

