Siddharthnagar News: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की कोशिश नाकाम, 21 जोड़ी पायल के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
Siddharthnagar News: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिद्धार्थनगर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से 21 जोड़ी सफेद धातु की पायल और एक साइकिल बरामद की गई है। बरामद सामान को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में थाना मोहाना पुलिस एवं एसएसबी ककरहवा की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 543/01 के पास संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक व्यक्ति को रोका गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से 21 जोड़ी सफेद धातु की पायल, जिनका कुल वजन 651 ग्राम है, तथा एक साइकिल बरामद हुई।
भारतीय नागरिक निकला आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान परशुराम गुप्ता (59 वर्ष) पुत्र तीरथ गुप्ता, निवासी ग्राम सलहन्तपुर, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया।
कस्टम विभाग को सौंपा गया मामला
पुलिस ने बरामद पायल और अन्य सामान को कस्टम अधिनियम की धारा-11 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया है।
मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया कस्टम विभाग द्वारा की जाएगी।
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में निगरानी और सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

