Bareilly News: पुलिस पर फायरिंग करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, एक घायल, टप्पेबाजी गैंग का हुआ खुलासा

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।

जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी मौके से दबोच लिए गए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और महिला से टप्पेबाजी कर लूटे गए सोने के कुंडल भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 की रात करीब 12:50 बजे थाना मीरगंज पुलिस कुल्छा पेट्रोल पंप से नगरिया सादात मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मजार के पास संदिग्ध बदमाशों से सामना हुआ।

पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अमन उर्फ शहजाद उर्फ शहजादे निवासी मेरठ के पैर में गोली लगी।

घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मीरगंज भेजा गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार और वाहन बरामद

मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने पप्पू सिंह उर्फ फौजी निवासी रामपुर और आसिफ निवासी रामपुर को भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।

महिला से टप्पेबाजी कर कुंडल चोरी करने की बात कबूली

पूछताछ में आरोपियों ने 15 जुलाई 2026 को मीरगंज बाजार के पास एक महिला से टप्पेबाजी कर सोने के कुंडल चोरी करने की वारदात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, इस घटना में आरोपी आसिफ की पत्नी फईमा की भी संलिप्तता सामने आई।

फईमा भी गिरफ्तार, कुंडल बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लाभारी चौकी के आगे रामपुर-बरेली रोड से फईमा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए एक जोड़ी सोने के कुंडल बरामद किए। यह बरामदगी मीरगंज थाने में दर्ज संबंधित मुकदमे से जुड़ी है।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Also Read: UP में एक और पति की बेरहमी से हत्या, पत्नी ने दबाया मुंह, प्रेमी ने गमछे से घोंट दी सांसें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.