Siddharthnagar News: संत रविदास जयंती पर भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू, 2027 मिशन के लिए कार्यकर्ताओं को किया सक्रिय

Siddharthnagar News: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की दिशा में ‘समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत कर दी है।

सिद्धार्थनगर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में भाजपा नेताओं ने सामाजिक समरसता के संदेश के साथ-साथ वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि विधायक राजा जय प्रताप सिंह रहे।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि संत गुरु रविदास ने समाज को समानता, भाईचारा और मानवता का संदेश दिया, जिसे जन-जन तक पहुंचाना पार्टी का उद्देश्य है।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक चलने वाले ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Siddharthnagar News

उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जिले के विभिन्न मठ-मंदिरों के पुजारियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया जाएगा।

इसके लिए विजयकांत चतुर्वेदी को गुरु पूर्णिमा अभियान का जिला संयोजक बनाया गया है।

2027 चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक सक्रिय होने का आह्वान

मुख्य अतिथि विधायक राजा जय प्रताप सिंह ने कहा कि संत रविदास के विचार पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के निर्देशों का पालन करने, डिजिटल लर्निंग के माध्यम से स्वयं को प्रशिक्षित करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के संदेशों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा और पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाना होगा।

Siddharthnagar News

पूर्व विधायक राघवेंद्र सिंह ने भी संगठन को मजबूत बनाने और अभियान को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री फूलचंद जायसवाल ने किया। इस दौरान आशीष शुक्ला को अभियान का जिला संयोजक तथा अविनाश सिंह, सिद्धार्थ पाठक, रामनारायण और शिव विलास कन्नौजिया को जिला सह-संयोजक बनाया गया। कार्यक्रम का समापन पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव, पूर्व जिलाध्यक्ष साधना चौधरी, रामकुमार कुंवर, बृजबिहारी मिश्रा, लालजी त्रिपाठी ‘लाल बाबा’, दिलीप चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्ट- ज़ाकिर खान

Also Read: Siddharthnagar News: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की कोशिश नाकाम, 21 जोड़ी पायल के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.