ऑनलाइन बैठकों में अब नहीं चलेगी लापरवाही, योगी सरकार ने तय की BSA की जवाबदेही
UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जवाबदेह और परिणामोन्मुख प्रशासन के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन समीक्षा बैठकों को लेकर नई व्यवस्था लागू की है। अब निदेशालय स्तर पर होने वाली हर ऑनलाइन समीक्षा बैठक में मंडल स्तर से सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) और जनपद स्तर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) की उपस्थिति अनिवार्य होगी। इस संबंध में शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
आधिकारिक ई-मेल से ही होगी बैठक में एंट्री
विभाग ने बताया कि कई महत्वपूर्ण बैठकों में कुछ जिलों से अपेक्षित स्तर पर भागीदारी नहीं हो रही थी। कई मामलों में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वयं शामिल नहीं हुए और न ही किसी अधिकृत वरिष्ठ अधिकारी को भेजा गया। इसे देखते हुए अब सभी अधिकारियों को केवल अपनी आधिकारिक ई-मेल आईडी के माध्यम से ही बैठक में जुड़ना होगा, ताकि प्रतिभागियों की पहचान सुनिश्चित की जा सके और समीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बने।
एक जिले से एक ही लॉगिन होगा मान्य
नए निर्देशों के अनुसार यदि किसी अपरिहार्य शासकीय कारण से अधिकारी बैठक में शामिल नहीं हो पाते हैं, तो वे अपने स्थान पर किसी वरिष्ठ अधीनस्थ अधिकारी को विधिवत अधिकृत कर सकते हैं। साथ ही, किसी एक जिले या मंडल से अलग-अलग डिवाइस और अलग-अलग आईडी से बैठक में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। यदि कई अधिकारियों की उपस्थिति जरूरी हो, तो सभी एक ही स्थान पर बैठकर एक अधिकृत लॉगिन से बैठक में हिस्सा लेंगे।
निर्णयों के पालन पर रहेगा खास जोर
बेसिक शिक्षा विभाग का मानना है कि वरिष्ठ अधिकारियों की अनिवार्य भागीदारी से समीक्षा बैठकों की गुणवत्ता बेहतर होगी। साथ ही शासन के निर्देशों का समयबद्ध पालन, योजनाओं की प्रभावी निगरानी और उनके क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
Also Read: राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा निर्देश, SIT में फोरेंसिक ऑडिटर भी होगा शामिल

