Lucknow Railway News: रेल कर्मचारियों के बीच पहुंचे PRKS प्रतिनिधिमंडल, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
Lucknow Railway News: पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ (PRKS) ने रेल कर्मचारियों के अधिकारों, सुरक्षित कार्यस्थल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर अपनी सक्रियता जारी रखी है। इसी क्रम में संघ के केंद्रीय और लखनऊ मंडल के पदाधिकारियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विभिन्न रेल परिसरों का दौरा कर कर्मचारियों से सीधा संवाद किया।
ऐशबाग डिपो में कर्मचारियों से जानी समस्याएं
प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले बीजी कोचिंग डिपो, ऐशबाग पहुंचकर डिपो प्रभारी और वहां तैनात रेल कर्मचारियों से मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारियों से उनके रोजमर्रा के काम, कार्यस्थल की स्थिति और तकनीकी परेशानियों के बारे में जानकारी ली गई। संघ के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
बादशाहनगर अस्पताल पहुंचकर मरीजों का जाना हाल
इसके बाद PRKS प्रतिनिधिमंडल बादशाहनगर रेलवे चिकित्सालय पहुंचा। यहां विभिन्न वार्डों में भर्ती बीमार रेल कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना गया। संघ के नेताओं ने मरीजों और उनके परिवारों को हौसला दिया। साथ ही डॉक्टरों से बातचीत कर कर्मचारियों के बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की।

इस दौरान PRKS के यूथ अध्यक्ष एवं केंद्रीय सहायक महामंत्री देवेश सिंह, संयुक्त महामंत्री सुबोध चौधरी, केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अरशद जमाल और केंद्रीय सहायक महामंत्री अब्दुल खालिद समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा पी. के. सिंह, रामशंकर दुबे, गुंजन त्रिपाठी, अनूप सिंह और प्रमोद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। संघ ने दोहराया कि कर्मचारियों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार उनके साथ खड़ा रहेगा।
Also Read: ऑनलाइन बैठकों में अब नहीं चलेगी लापरवाही, योगी सरकार ने तय की BSA की जवाबदेही

