काशी से योगी का बड़ा ऐलान, भदोही का नाम बदलकर फिर रखा जाएगा ‘संत रविदास नगर’

CM Yogi in Varanasi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भदोही जिले का नाम फिर से ‘संत रविदास नगर’ (Sant Ravidas Nagar) किया जाएगा। उन्होंने यह घोषणा संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की तपोभूमि और उनकी विरासत का सम्मान करना प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है, इसलिए जिले को उसकी ऐतिहासिक पहचान वापस दी जाएगी।

सीएम योगी ने सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास जन्मस्थली मंदिर में दर्शन-पूजन किया और वहां से ‘समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत भी की। इस दौरान उन्होंने संत रविदास के विचारों को सामाजिक समरसता, समानता और मानवता की सबसे बड़ी प्रेरणा बताया।

काशी से किया बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गुरु रविदास ने समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी तक संत रविदास की शिक्षाओं को पहुंचाना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है।

इसी दौरान सीएम ने घोषणा की कि भदोही का नाम दोबारा ‘संत रविदास नगर’ किया जाएगा, ताकि जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को सम्मान मिल सके।

समरसता का संदेश, विरासत को आगे बढ़ाने पर जोर

कार्यक्रम में मौजूद भाजपा नेताओं ने भी संत रविदास के विचारों को सामाजिक समरसता और समानता का आधार बताते हुए उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार संत रविदास की विरासत को संरक्षित करने और उनके आदर्शों को समाज में मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।

गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन बिहार उपचुनाव की व्यस्तताओं के चलते उनका दौरा रद्द हो गया। इसके बावजूद कार्यक्रम पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार आयोजित किया गया।

Also Read: UP में AI से होगी ग्रामीण जलापूर्ति की निगरानी, IIT कानपुर-IIM इंदौर बने सरकार के नॉलेज पार्टनर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.