यूक्रेन पर रूस का मिसाइल अटैक, कीव समेत कई शहर दहले, जेलेंस्की की आशंका सच साबित
Sandesh Wahak Digital Desk: यूक्रेन-रूस युद्ध में तनाव एक बार फिर अपने चरम पर पहुंच गया है। गुरुवार को रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव सहित कई रणनीतिक शहरों को निशाना बनाते हुए जानलेवा मिसाइल हमला किया। यह हमला ठीक उसी चेतावनी के बाद हुआ, जिसमें यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस द्वारा किसी बड़े सैन्य प्रहार की आशंका जताई थी। सीएनएन ने कीव के सैन्य प्रशासन के हवाले से पुष्टि की है कि इन हमलों में अब तक एक व्यक्ति की जान जा चुकी है।
कीव, डिनप्रो और क्रिवी रिह पर दागी गईं मिसाइलों की कई लहरें
यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, रूसी बमवर्षक विमानों ने एक के बाद एक क्रूज़ मिसाइलों की कई लहरें दागीं। इसके तुरंत बाद ही कीव की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें छोड़े जाने का अलर्ट जारी कर दिया गया। हमलों की चपेट में कीव के अलावा डिनप्रो और क्रिवी रिह जैसे प्रमुख शहर भी आए हैं। कीव के मेयर ने नागरिकों से अपील की है कि वे हवाई हमलों का खतरा टलने तक सुरक्षा बंकरों (Shelters) में ही शरण लिए रहें। गौरतलब है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल ही में दोहराया था कि यूक्रेन में उनके सैन्य लक्ष्य हर हाल में पूरे किए जाएंगे।
हमले से पहले जेलेंस्की ने जताया था अंदेशा
रूसी हमले से कुछ ही घंटे पूर्व राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर अपने वायुसेना कमांडर अनातोली क्रिवोनोज़्को की रिपोर्ट का हवाला देते हुए इस बड़े हमले का अंदेशा जताया था। जेलेंस्की ने कहा था कि नागरिकों की जान इस बात पर निर्भर करती है कि पश्चिमी मित्र देश उन्हें कितनी जल्दी एयर डिफेंस सिस्टम मुहैया कराते हैं। उन्होंने विशेष रूप से अमेरिका और अन्य सहयोगी देशों से आग्रह किया कि वे तुरंत पैट्रियट मिसाइल रक्षा प्रणाली की आपूर्ति बढ़ाएं। जेलेंस्की ने चेतावनी दी थी कि रक्षा आपूर्ति में देरी का नतीजा निर्दोष लोगों की मौत के रूप में सामने आएगा।
Also Read: CWG 2026: फिर आमने-सामने होंगे नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम, जानिए किसका पलड़ा रहा है भारी

