अब कोई भी असलहा लहराकर नहीं कर सकता दंगा करने की हिम्मत, गाजीपुर में गरजे सीएम योगी
Ghazipur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली ताकतें विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी का सम्मान करती हैं और माफियाओं के सामने झुकती थीं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर माफिया राज खत्म किया है। अब कोई भी असलहा लहराकर दंगा करने की हिम्मत नहीं कर सकता, क्योंकि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है।
सीएम ने यह बातें 692 करोड़ रुपये की लागत वाली 268 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में कहीं। इन परियोजनाओं से गाजीपुर, जखनिया, मोहम्मदाबाद, सैदपुर, जमानिया, जहूराबाद और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा।
जनप्रतिनिधियों और माफिया पर बोले योगी
योगी आदित्यनाथ ने लोगों से ऐसे जनप्रतिनिधि चुनने की अपील की जो जनता के हितों की आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांसद और नेता नहीं चाहिए जो अवैध हथियार लाइसेंस या गलत गतिविधियों में लगे हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाला क्षेत्र है। पौहारी बाबा, भगवान परशुराम और महर्षि जमदग्नि से जुड़ी इस भूमि पर माफिया संस्कृति की कोई जगह नहीं हो सकती।
उन्होंने पूर्व विधायक कृष्णानंद राय का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने माफिया के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी, लेकिन उस समय सत्ता के संरक्षण में अपराधियों ने उनकी और सात अन्य लोगों की हत्या कर दी थी। अब अपराधियों को किसी भी तरह का संरक्षण नहीं मिलेगा।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे विस्तार का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं में तेजी से सुधार हुआ है। अब यहां से लखनऊ की यात्रा पहले की तुलना में काफी कम समय में पूरी हो रही है। उन्होंने घोषणा की कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को चंदौली, वाराणसी होते हुए शक्तिनगर तक विस्तारित किया जाएगा।
योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर महापुरुषों के सम्मान की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में दंगे और उपद्रव होते थे, जबकि अब उत्तर प्रदेश में शांति, निवेश और विकास का माहौल है। साथ ही उन्होंने कहा कि युवाओं की नौकरियों में सेंध लगाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के लिए जेल ही उचित स्थान है।
Also Read: भोजशाला केस में सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम समुदाय को दरगाह से सटी जमीन पर नमाज की दी अनुमति

