साधु के भेष में संसद पहुंचे पप्पू यादव, राम मंदिर चंदे में हेराफेरी के खिलाफ विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की पूर्णिया सीट से सांसद पप्पू यादव ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे व चंदे में हुई कथित हेराफेरी के मुद्दे पर संसद परिसर में एक अनूठा विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया। शुक्रवार को पप्पू यादव बाकायदा साधु के भेष में भगवा वस्त्र धारण कर संसद पहुंचे और परिसर के बाहर जमीन पर बैठ गए। उनके इस प्रदर्शन में विपक्ष का पूरा समर्थन देखने को मिला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, वायनाड सांसद प्रियंका गांधी, सपा सांसद डिंपल यादव और अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद समेत विपक्षी दलों के नेताओं ने इसमें हिस्सा लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

राहुल गांधी व विपक्षी नेताओं से लिया सांकेतिक चंदा

प्रदर्शन के दौरान बेहद दिलचस्प और राजनीतिक दृश्य देखने को मिले। भगवा वस्त्र पहने पप्पू यादव के सामने खड़े होकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के सांसदों ने सांकेतिक तौर पर पैसे (चंदा) दिए। इस दौरान विपक्षी सांसदों के बीच आपस में हंसी-ठिठोली और छीना-झपटी भी देखने को मिली। अयोध्या से निर्वाचित सांसद अवधेश प्रसाद ने भी ‘राम मंदिर चढ़ावा चोरी’ के आरोपों को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।

हंगामे की भेंट चढ़ा संसद का 10वां दिन, कार्यवाही स्थगित

संसद के मानसून सत्र के 10वें दिन की शुरुआत होते ही दोनों सदनों में जोरदार हंगामा देखने को मिला। राम मंदिर चंदे में धांधली और अन्य मुद्दों पर विपक्ष के कड़े रुख को देखते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों को सख्त हिदायत और चेतावनी भी दी। इसके बावजूद हंगामा न थमने पर लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी, वहीं दूसरी ओर राज्यसभा की कार्यवाही को 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

Also Read: BJP नेता की बेटी ने नए शिक्षा मंत्री की नियुक्ति पर उठाए सवाल, CJP आंदोलन का किया समर्थन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.