‘आजादी के साथ जिम्मेदारी जरूरी’, जेन-Z विवाद पर कंगना रनौत की नई सफाई, इंस्टाग्राम पोस्ट में कही बड़ी बात
Bollywood News: भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने जेन-Z (Gen-Z) को लेकर दिए गए अपने विवादित बयान के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी है।
उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए कहा कि आजादी के साथ जिम्मेदारी और नैतिकता का होना भी उतना ही जरूरी है।
अपने पोस्ट में उन्होंने हाल के चर्चित आपराधिक मामलों का भी जिक्र करते हुए युवाओं से जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की।
कंगना ने लिखा कि जिम में उनकी मुलाकात दो जेन-Z लड़कियों से हुई, जिन्होंने बताया कि उनका बचपन डिजिटल युग में बीता है और सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम, डेटिंग ऐप्स तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उनकी जिंदगी का हिस्सा हैं।
इस पर उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने की पूरी आजादी है, लेकिन यह स्वतंत्रता तब तक ही उचित है, जब तक उससे किसी दूसरे व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे।
हालिया अपराधों का किया जिक्र
अपने पोस्ट में कंगना ने केतन अग्रवाल और चर्चित ‘ब्लू ड्रम’ मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज में बढ़ते ऐसे अपराध चिंता का विषय हैं।
उन्होंने लिखा कि आजादी का अर्थ किसी दूसरे के जीवन या सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना नहीं हो सकता।

उनके अनुसार, आधुनिक और पारंपरिक जीवनशैली के बीच बढ़ते टकराव के बीच जिम्मेदारी की भावना सबसे अधिक जरूरी है।
कंगना ने दावा किया कि जिन युवतियों से उनकी बातचीत हुई, वे भी इस बात से सहमत थीं कि स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी का संतुलन आवश्यक है। उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में जेन-Z को फ्रेंडशिप डे की शुभकामनाएं भी दीं।
पहले भी बयान पर मचा था विवाद
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कंगना रनौत ने जेन-Z को लेकर एक विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हुई थी।
अब नए पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने विचारों को स्पष्ट करने की कोशिश की है। हालांकि, उनके ताजा बयान को लेकर भी सोशल मीडिया पर बहस जारी है।

