यूट्यूबर फैजान अंसारी ने अभिजीत दीपके पर दर्ज कराई नई एफआईआर, दिल्ली पुलिस से की गिरफ्तारी की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर फैजान अंसारी ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के खिलाफ अपनी कानूनी लड़ाई को तेज कर दिया है। फैजान अंसारी ने दिल्ली पुलिस के पुलिस उपायुक्त (DCP) के समक्ष एक नई शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने दीपके पर उन पर जानलेवा हमला करवाने का संगीन आरोप लगाया है। शिकायत की लिखित प्रति दिखाते हुए फैजान ने दावा किया कि उनके पास इस बात के ठोस सबूत हैं कि उन पर हुए हमलों के पीछे अभिजीत के ही लोग शामिल थे।
फैजान अंसारी ने कहा कि इससे पहले महाराष्ट्र के पुणे और औरंगाबाद में उन पर हमले किए जा चुके हैं, जिनसे जुड़े दो मामले पहले से ही दर्ज हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस से मांग की है कि माहौल खराब करने और हमला कराने के आरोपी अभिजीत दीपके को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही फैजान ने दिल्ली पुलिस और प्रशासनिक तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि सही समय पर कार्रवाई करके सोनम वांगचुक को हिरासत में लिया गया, जिससे राजधानी की कानून-व्यवस्था बिगड़ने से बच गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिजीत दीपके निजी स्वार्थ के लिए यह सब कर रहे हैं।
#WATCH | Delhi: On filing a police complaint against CJP founder Abhijeet Dipke, a social media influencer, Faizan Ansari says, “Today, I have filed a written complaint against Abhijeet Dipke, the founder of the CJP party, with the Delhi DCP, because I have proof that his men… pic.twitter.com/Fol499Cmpi
— ANI (@ANI) August 4, 2026
जून में भी दर्ज करा चुके हैं पुलिस शिकायत
यह पहली बार नहीं है जब फैजान अंसारी ने CJP प्रमुख के खिलाफ मोर्चा खोला हो। इससे पहले जून के महीने में भी उन्होंने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) के पुलिस आयुक्त कार्यालय में अभिजीत दीपके के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
जून में दी गई शिकायत के दौरान फैजान ने बड़ा दावा करते हुए आरोप लगाया था कि अभिजीत दीपके के संबंध उमर खालिद और ‘पाकिस्तानी आतंकवादी संगठनों’ से हैं। उन्होंने कहा था कि उनके पास ऐसे फोटो और सोशल मीडिया पोस्ट के सबूत हैं जो इन संबंधों को उजागर करते हैं और वे इन्हें जल्द सार्वजनिक करेंगे। अब दिल्ली में दर्ज कराई गई इस नई शिकायत के बाद दोनों के बीच का विवाद एक बार फिर गरमा गया है।

